✕
ऑपरेशन स्पाइडर वेब का बदला; पुतिन ने खार्किव पर बरसाए कहर
By EditorialPublished on
यूक्रेन के खिलाफ रूस का आक्रामक रुख एक बार फिर दुनिया के सामने आ गया है। हाल ही में रूस ने खार्किव शहर पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला कर दिया, जिसमें कम से कम 5 लोगों की जान चली गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ‘ऑपरेशन स्पाइडर वेब’ के जवाब में किए गए इस हमले को पुतिन सरकार की सबसे बड़ी चेतावनी माना जा रहा है। खार्किव के रिहायशी इलाकों में तबाही का मंजर छा गया है, जबकि यूक्रेनी सेना जवाबी कार्रवाई की तैयारी में जुट गई है। रूस ने साफ कर दिया है—वो झुकने वाला नहीं है।

x

रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध अब और भी घातक होता जा रहा है। शनिवार, 7 जून 2025 को रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्किव पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया। इस हमले में कम से कम 5 नागरिकों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। खार्किव के मेयर इगोर तेरखोव ने इसे युद्ध की शुरुआत के बाद का "सबसे शक्तिशाली हमला" बताया है।
रूस का ‘सुपर रेस्पॉन्स’ :
यह हमला यूक्रेन के ‘ऑपरेशन स्पाइडरवेब’ के जवाब में माना जा रहा है, जिसमें 1 जून को यूक्रेनी ड्रोन ने रूस के चार एयरबेस को निशाना बनाते हुए करीब 40 बॉम्बर विमानों को नुकसान पहुंचाया था। इस हमले से रूस के सैन्य ढांचे को भारी झटका लगा था, जिसकी भरपाई करने का वादा खुद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किया था — और अब वह जवाब आ गया है।
तड़के 4:40 बजे शुरू हुआ हमला :
खार्किव के मेयर के अनुसार, शनिवार तड़के 4:40 बजे शहर में जोरदार धमाके शुरू हुए। करीब डेढ़ घंटे में 40 से अधिक विस्फोट दर्ज किए गए। मिसाइल, गाइडेड बम और ड्रोन ने रिहायशी इलाकों और सिविल प्लांट्स को निशाना बनाया। कई इमारतों में आग लग गई और धुआं चारों तरफ फैल गया।
शांति वार्ता असफल, हमले तेज :
जहां एक ओर इस्तांबुल में शांति वार्ता चल रही है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही है। रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधि बातचीत की मेज पर हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। यूक्रेन ने एकतरफा 30 दिनों के संघर्ष विराम की पेशकश की थी, लेकिन मास्को ने उसे खारिज कर दिया।
‘मास्को को झुकाना आसान नहीं’:
पुतिन स्पष्ट कर चुके हैं कि रूस किसी भी शर्त पर पीछे नहीं हटेगा। रूस के इस हालिया हमले से यह साफ हो गया है कि वह यूक्रेनी हमलों का जवाब और भी ज्यादा ताकत से देगा। पिछले एक हफ्ते में ही रूसी सेना ने कई सीमाई क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया है और यूक्रेन के पूर्वी और दक्षिणी इलाकों में बड़ा दबाव बनाया है।
तबाही की तस्वीरें :
स्थानीय मीडिया और टेलीग्राम चैनलों पर वायरल हो रहे वीडियो में खार्किव की सड़कों पर तबाही और अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है। जलते हुए अपार्टमेंट, चीखते लोग और बचाव कार्य में जुटी टीमें इस बात की गवाही दे रही हैं कि जंग अब और खतरनाक रूप लेती जा रही है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
युद्ध का क्या भविष्य ?
रूस और यूक्रेन के बीच इस युद्ध ने 3 साल से ज्यादा का समय ले लिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। अगर ऐसे हमले जारी रहे, तो न केवल यूक्रेन बल्कि पूरी दुनिया पर भविष्य की बड़ी कीमत आ सकती है।
रूस ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह झुकने वाला नहीं है। खार्किव पर हुआ यह हमला सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में और अधिक हिंसा की चेतावनी भी है। शांति की उम्मीद अब भी बाकी है, लेकिन हर गुज़रते दिन के साथ वह और मुश्किल होती जा रही है।

Editorial
Next Story
Related News
X
