त्रासदी के बीच सेल्फी; BJP का कांग्रेस पर तीखा वार
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की विक्ट्री परेड से पहले हुई भगदड़ की घटना ने पूरे कर्नाटक को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। इस घटना के बाद अब सियासत अपने चरम पर है। विपक्षी दल बीजेपी ने इस त्रासदी के लिए सीधे तौर पर कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया व उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से इस्तीफे की मांग की है।
बीजेपी ने इसे ‘एक हादसा नहीं, बल्कि सरकार की आपसी खींचतान और लापरवाही से बनी त्रासदी’ करार दिया है। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “यह केवल एक भगदड़ नहीं थी, बल्कि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की आपसी खींचतान से उपजी एक सरकार-निर्मित आपदा थी।”
राहुल गांधी पर भी सवाल :
बीजेपी प्रवक्ता ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा, “हर दिन राहुल गांधी सेना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ाते हैं। लेकिन जब इतने लोग इस त्रासदी में मारे गए, तब राहुल कहां हैं? क्या वह सिर्फ कैमरों के सामने संवेदना जताने आते हैं?” बीजेपी ने मांग की है कि राहुल गांधी तुरंत इस मामले में कार्रवाई करें और मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम को दिल्ली तलब करें।
इस्तीफे की मांग और नैतिक जिम्मेदारी :
बीजेपी ने इस पूरी घटना को लेकर नैतिक जवाबदेही की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही डीके शिवकुमार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि वे इस आयोजन के प्रमुख आयोजकों में से एक थे।
आयोजन में भारी कुप्रबंधन के आरोप :
बीजेपी ने यह सवाल भी उठाया कि आखिर तीन लाख लोग आयोजन स्थल पर कैसे पहुंच गए? क्या इसके लिए कोई अनुमति दी गई थी? पार्टी का कहना है कि पुलिस ने भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था नहीं की थी, फिर भी यह विक्ट्री परेड कैसे हुई? यह साफ दर्शाता है कि प्रशासनिक स्तर पर भारी लापरवाही बरती गई।
“लोग मर रहे थे, और वहां जश्न चल रहा था” :
बीजेपी ने कहा कि घटना के वक्त जब लोग जान बचाने के लिए भाग रहे थे, तब राज्य सरकार के नेता जश्न में व्यस्त थे। पार्टी प्रवक्ता ने कहा, “यह शर्म की बात है कि जब लोग तड़प रहे थे, तब नेता मंच से हंसते हुए सेल्फी ले रहे थे।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
आईपीएल चेयरमैन और टिकटों की कालाबाजारी :
बीजेपी ने आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल के बयान का हवाला देते हुए कहा कि जब आयोजन की जानकारी खुद चेयरमैन को नहीं थी, तो यह आयोजन किसने और कैसे करवाया? साथ ही, पार्टी ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम के लिए 25,000 से ज्यादा अतिरिक्त टिकट बेचे गए, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई और हादसा हुआ।
निष्पक्ष जांच की मांग :
बीजेपी ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी पूछा कि जब अभिनेता अल्लू अर्जुन को एक पुराने भगदड़ मामले में गिरफ्तार किया गया था, तो इस मामले में डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
यह भगदड़ केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि सरकार की प्राथमिकताओं पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। जब जनता की सुरक्षा से ज्यादा अहम नेताओं का इवेंट मैनेजमेंट हो जाए, तब ऐसी त्रासदियाँ ही सामने आती हैं।
Editorial

Editorial

Next Story