✕
कन्नड़-तमिल विवाद में कमल हासन को कोर्ट की लताड़ !
By EditorialPublished on
कन्नड़ भाषा विवाद पर अभिनेता कमल हासन की टिप्पणी अब उन पर ही भारी पड़ गई है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने उन्हें कड़ी फटकार लगाते हुए साफ कहा कि अभिव्यक्ति की आज़ादी का मतलब यह नहीं कि कोई कुछ भी बोल दे। कोर्ट के तीखे शब्दों ने हासन की बयानबाज़ी पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया है।

x
तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन एक बार फिर विवादों में हैं। कर्नाटक हाईकोर्ट ने कन्नड़-तमिल भाषा विवाद को लेकर दिए गए उनके बयान पर सख्त टिप्पणी करते हुए उन्हें कड़ी फटकार लगाई है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभिव्यक्ति की आज़ादी के नाम पर किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाई जा सकती। यह टिप्पणी कोर्ट ने उस याचिका पर सुनवाई के दौरान दी जिसमें कमल हासन के बयान को लेकर आपत्ति जताई गई थी।
दरअसल, कमल हासन ने हाल ही में अपनी आगामी फिल्म 'ठग लाइफ' के ऑडियो लॉन्च के दौरान कहा था कि “कन्नड़ भाषा का जन्म तमिल से हुआ है।” उनके इस बयान ने कर्नाटक में एक नई बहस को जन्म दे दिया। सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई और यह मामला अदालत तक पहुंच गया।
जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की एकल पीठ ने कमल हासन की टिप्पणी को बेहद असंवेदनशील करार देते हुए कहा, “आपको बोलने का अधिकार है, लेकिन भावनाओं को ठेस पहुँचाने का अधिकार नहीं है। अभिव्यक्ति की आज़ादी का यह मतलब नहीं कि आप कुछ भी बोलें। अगर किसी को आपके बयान से ठेस पहुँची है, तो माफी मांगना एक ज़िम्मेदार नागरिक का कर्तव्य है।”
हालांकि, कमल हासन ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा कि उनका उद्देश्य भाषाओं के बीच एकता को प्रोत्साहित करना था, न कि किसी की भावना को आहत करना।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
कोर्ट ने उनकी आगामी फिल्म 'ठग लाइफ', जो 5 जून को रिलीज होनी है, का भी हवाला दिया। अदालत ने कहा कि जब एक कलाकार की सार्वजनिक छवि बड़ी होती है, तो उसके शब्दों का असर भी उतना ही बड़ा होता है। ऐसे में बोलने की आज़ादी जिम्मेदारी के साथ आनी चाहिए।
यह मामला फिलहाल अदालत के अवलोकन में है और अगली सुनवाई की प्रतीक्षा की जा रही है। लेकिन इतना तय है कि यह विवाद कमल हासन की फिल्म रिलीज और छवि दोनों पर असर डाल सकता है।

Editorial
Next Story
Related News
X
