Pratahkal
रतलाम। मध्यप्रदेश में 8वीं रीजनल राइज इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव रतलाम में हुई। सीएम डॉ. मोहन यादव ने कॉन्क्लेव में सिंगल क्लिक के माध्यम से 21 जिलों में ₹1670 करोड़ से अधिक निवेश की 47 औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनके माध्यम से 3780 से ज्यादा नए रोजगार पैदा होंगे।सीएम ने सागर, रीवा समेत कुछ और जिलों के निवेशकों से सीधे संवाद भी किया। शहर के नेहरू स्टेडियम में रीजनल इंडस्ट्रीज, स्किल एंड एंप्लॉयमेंट (राइज) कॉन्क्लेव का आयोजन हुआ। मंच पर सीएम के साथ एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पांचों विधानसभा के विधायक और सांसद मौजूद रहे। इसमें देशभर के 3500 से अधिक उद्योगपति और निवेशक शामिल हुए।
सीएम बोले- रतलाम इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव से जाना जाएगा सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा रतलाम की सेव, सोना और साड़ी के बाद अब रतलाम इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव से जाना जाएगा। उन्होंने रतलाम के लिए रेलवे के 4 ट्रैक के लिए राशि भी मंजूर की।सीएम ने कहा कि हमारी कोशिश है कि हर क्षेत्र में उन्नति के दरवाजे खुलें। अब स्किल, स्केल और स्टार्टअप के लिए भी रतलाम जाना जाएगा। इस दौरान स्वरोजगार के माध्यम से सफलता पाने वाले पांच उद्यमी ने अपनी कहानी स्वयं साझा की।
ये घोषणाएं की...
पहली बार जिला मुख्यालय पर आयोजित हुई कॉन्क्लेव
रीजनल राइज इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव में प्रदेश से लेकर देशभर के बिजनेसमैन को आमंत्रण दिया गया था। इनमें पेप्सीको, गोल्ड क्रस्ट सीमेंट, आयशर जैसी नेशनल लेवल की कंपनियां भी शामिल है। बता दें, यह पहला अवसर है जब जिला मुख्यालय पर रीजनल कॉन्क्लेव हो रहा है। अब तक के कॉन्क्लेव संभागीय मुख्यालय पर हुए हैं। 21 जिलों के औद्योगिक विकास की रखी नींव रीजनल राइज इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव से प्रदेश के 21 जिलों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। इनमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, नीमच, सिंगरौली, पन्ना, सिवनी, सीहोर, नरसिंहपुर, सतना, रीवा, टीकमगढ़, धार, खरगोन, कटनी, सागर, आगर मालवा, देवास, रायसेन और भिंड शामिल हैं।इन जिलों में कुल 1223.43 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव पर काम होगा। वॉलमार्ट, ओएनडीसी और एनपीसीआई जैसी नेशनल और इंटरनेशनल कंपनियों के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) साइन किए गए, जिससे इन जिलों में नए उद्योगों की स्थापना का रास्ता खुल गया।
1466 हेक्टेयर में निवेश क्षेत्र, बनेगा औद्योगिक हब
रीजनल राइज इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव के लिए रतलाम में जुलवानिया से बिबड़ौद तक फैले 1466 हेक्टेयर क्षेत्र में एक व्यापक निवेश क्षेत्र विकसित किया गया है। अब तक झील रेनवियर और फुजीयामा पावर सिस्टम्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौता पत्र फाइनल हो चुके हैं। फुजीयामा को जमीन आवंटित भी की जा चुकी है, कुछ कंपनियों के लिए जमीन आवंटन की प्रोसेस पाइपलाइन में है।
कई नामचीन कंपनियों ने दिखाई रुचि
इस निवेश क्षेत्र में 300 से अधिक विविध प्रकार की औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी। सरकार को उम्मीद है कि इस क्षेत्र में 10,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आएगा। यह निवेश क्षेत्र 35,000 से अधिक लोगों को रोजगार देगा, जिनमें 70% स्थानीय युवा शामिल होंगे। यह क्षेत्र दिल्ली—मुंबई आठ लेन एक्सप्रेसवे के पास स्थित है और रतलाम का प्रमुख रेलवे जंक्शन भी नजदीक है, जिससे यहां पर लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्टेशन की बेहतर सुविधा उपलब्ध है।
600 करोड़ के निवेश के साथ सोलर उपकरण कंपनी की एंट्री
रतलाम निवेश क्षेत्र में 600 करोड़ रुपए के निवेश के साथ फ्यूजीयामा जैसी प्रतिष्ठित सोलर उपकरण निर्माता कंपनी ने कदम रखा है। कंपनी को 25 हेक्टेयर भूमि का आवंटन भी किया जा चुका है। इधर, पीथमपुर के बाद रतलाम निवेश क्षेत्र को मध्यप्रदेश का दूसरा प्रमुख औद्योगिक केंद्र माना जा रहा है।यह क्षेत्र औद्योगिक विकास की एक नई पहचान बनाएगा। रीजनल राइज कॉन्क्लेव रतलाम निवेश क्षेत्र को नई गति और दिशा देने का कार्य करेगा, जिससे यह क्षेत्र आने वाले वर्षों में औद्योगिक नक्शे पर एक मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा।
Next Story