कोलकाता में हैवानियत; कॉलेज के भीतर छात्रा के साथ गैंगरेप!
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के कसबा इलाके में स्थित साउथ कोलकाता लॉ कॉलेज में एक छात्रा के साथ गैंगरेप की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यह वारदात 25 जून की शाम करीब 7:30 बजे से रात 10:50 बजे के बीच कॉलेज परिसर के भीतर हुई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर कसबा थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन आरोपी गिरफ्तार, एक पूर्व छात्र शामिल :
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक कॉलेज का पूर्व छात्र नेता और दो वर्तमान छात्र शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोनोजित मिश्रा (31 वर्ष) – पूर्व यूनिट अध्यक्ष, जैब अहमद (19 वर्ष) और प्रमित मुखर्जी उर्फ प्रमित मुखोपाध्याय (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
मोनोजित मिश्रा और जैब अहमद को 26 जून की शाम तालबागान क्रॉसिंग के पास गिरफ्तार किया गया, जबकि प्रमित को 27 जून की रात 12:30 बजे उसके आवास से पकड़ा गया। पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक जांच जारी :
पुलिस के मुताबिक, यह शर्मनाक घटना कॉलेज भवन के भीतर ही हुई। पीड़िता का प्रारंभिक मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले में कई गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और विस्तृत फॉरेंसिक जांच जारी है।
पुलिस हिरासत में भेजे गए आरोपी :
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को गुरुवार को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने 14 दिन की हिरासत की मांग की थी, लेकिन अदालत ने फिलहाल उन्हें मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया है।
विपक्ष का सरकार पर तीखा हमला :
इस घटना को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में भी हलचल मच गई है। विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा, “पूरी कोलकाता पुलिस को रथ यात्रा में तैनात कर दिया गया है, और राजधानी में छात्राओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। मुख्यमंत्री को अपने पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।”
बीजेपी का गंभीर आरोप :
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने इस घटना को "भयानक" करार देते हुए दावा किया कि इसमें एक तृणमूल कांग्रेस (TMC) से जुड़े व्यक्ति की भूमिका भी हो सकती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल को महिलाओं के लिए "असुरक्षित राज्य" बताते हुए सत्ताधारी पार्टी की आलोचना की।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
मेयर ने कहा – गंभीर मामला, रिपोर्ट का इंतजार
कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह एक बेहद गंभीर मामला है। मैं पुलिस से रिपोर्ट मांगूंगा और जानकारी मिलने के बाद विस्तृत बयान दूंगा।” यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि शिक्षा संस्थानों में महिला सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता को जन्म देती है।
Editorial

Editorial

Next Story