Air India हादसा; Black Box ने खोला कॉकपिट का रहस्य!
एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद मामले की जांच अब तेजी से आगे बढ़ रही है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बड़ा अपडेट जारी करते हुए बताया कि हादसे के दोनों ब्लैक बॉक्स—कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) और फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (FDR)—से अहम डेटा सफलतापूर्वक निकाल लिया गया है। अब इनकी बारीकी से जांच तकनीकी विशेषज्ञों की निगरानी में की जा रही है, जिससे दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा हो सके।
हादसे के तुरंत बाद विशेषज्ञ टीम गठित :
13 जून 2025 को हुए इस हादसे के तुरंत बाद विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत एक उच्चस्तरीय विशेषज्ञ टीम बनाई। इस टीम का नेतृत्व AAIB के महानिदेशक कर रहे हैं। जांच दल में विमानन चिकित्सा विशेषज्ञ, एयर ट्रैफिक कंट्रोल अधिकारी और अमेरिका की नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) के प्रतिनिधि भी शामिल किए गए हैं, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान अमेरिका निर्मित था। पूरी जांच प्रक्रिया भारत के कानूनी दायरे और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार पारदर्शिता से की जा रही है।
ब्लैक बॉक्स की बरामदगी :
हादसे के बाद पहला ब्लैक बॉक्स (CVR) 13 जून को एक इमारत की छत से बरामद हुआ था, जबकि दूसरा ब्लैक बॉक्स (FDR) 16 जून को विमान के मलबे से खोजा गया। दोनों रिकॉर्डरों को कड़ी पुलिस सुरक्षा और CCTV निगरानी में अहमदाबाद में सुरक्षित रखा गया।
दिल्ली भेजा गया विशेष विमान से :
24 जून को दोनों ब्लैक बॉक्स भारतीय वायुसेना के विशेष विमान के जरिए अहमदाबाद से दिल्ली लाए गए। पहला बॉक्स दोपहर 2 बजे और दूसरा बॉक्स शाम 5:15 बजे AAIB लैब में पहुंचाया गया। उसी शाम से AAIB और NTSB के तकनीकी विशेषज्ञों ने डाटा निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
विश्लेषण में जुटे विशेषज्ञ :
25 जून तक दोनों ब्लैक बॉक्स से मेमोरी मॉड्यूल का डाटा सफलतापूर्वक डाउनलोड कर लिया गया। अब इस डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है ताकि यह समझा जा सके कि दुर्घटना से पहले विमान में क्या गतिविधियाँ हो रही थीं, क्या कोई तकनीकी खराबी थी, या मानवीय त्रुटि इसकी वजह बनी।
AI-171 विमान हादसे की जांच अब निर्णायक मोड़ पर है। ब्लैक बॉक्स से मिले डाटा और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद जल्द ही हादसे की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। यह जांच न सिर्फ पीड़ितों के परिजनों को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए भी बेहद ज़रूरी है।
Editorial

Editorial

Next Story