✕
वोटर्स बढ़े तो राहुल भड़के; फडणवीस ने दिया करारा जवाब
By EditorialPublished on 24 Jun 2025 5:30 AM IST
महाराष्ट्र में वोटर्स की संख्या बढ़ने को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों पर सियासी घमासान तेज़ हो गया है। राहुल के आरोपों के जवाब में अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर ही सवाल दाग दिए हैं। फडणवीस ने कहा कि कई जगहों पर तो कांग्रेस खुद वोटर्स की संख्या बढ़ाने में माहिर रही है, ऐसे में अब सवाल उठाना दोहरा मापदंड है।

x
महाराष्ट्र में वोटर लिस्ट को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच ज़ुबानी जंग छिड़ गई है। राहुल गांधी ने मंगलवार (24 जून) को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट करते हुए महाराष्ट्र में वोटिंग प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि राज्य में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है।
राहुल ने सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्वाचन क्षेत्र का नाम लेते हुए दावा किया कि केवल पांच महीनों में वहां मतदाताओं की संख्या 8% बढ़ गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ बूथों पर 20% से लेकर 50% तक की वृद्धि देखी गई है। राहुल का आरोप है कि यह मतदाता सूची में गड़बड़ी नहीं बल्कि “वोट की चोरी” है, और उन्होंने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि, “ईसी? चुप - या मिलीभगत!”
फडणवीस का तीखा जवाब :
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब बेहद तीखे लहजे में दिया। उन्होंने कहा, “झूठ बोले कौवा काटे, काले कौवे से डरियो! राहुल गांधी, माना कि महाराष्ट्र की करारी हार की आपकी पीड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन कब तक हवा में तीर चलाते रहोगे?”
फडणवीस ने राहुल को घेरते हुए कहा कि महाराष्ट्र के कई चुनाव क्षेत्रों में कांग्रेस के नेता खुद अधिक वोटर वृद्धि के बीच चुनाव जीते हैं, फिर वहां गड़बड़ी क्यों नहीं दिखी?
आंकड़ों के साथ फडणवीस का जवाब :
मुख्यमंत्री ने कई उदाहरण पेश किए:
- पश्चिम नागपुर में 7% (27,065) मतदाता बढ़े, कांग्रेस के विकास ठाकरे जीते
- उत्तर नागपुर में 7% (29,348) वृद्धि, कांग्रेस के नितिन राऊत विजयी
- वड़गांव शेरी (पुणे) में 10% (50,911) मतदाता वृद्धि, शरद पवार गुट के बापूसाहेब पठारे जीते
- मालाड पश्चिम में 11% (38,625) वृद्धि, कांग्रेस के असलम शेख विजयी
- मुंब्रा में 9% (46,041) मतदाता बढ़े, शरद पवार गुट के जितेंद्र आव्हाड जीते
फडणवीस ने राहुल पर तंज कसते हुए कहा, “कम से कम असलम शेख, ठाकरे और राऊत जैसे अपने ही नेताओं से बात कर लेते, तो ये ट्वीट नहीं करते। ये कांग्रेस में संवाद की कमी का शर्मनाक उदाहरण है।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
मामला गरमाता जा रहा है :
राज्य में मतदाता वृद्धि के सवाल पर अब राजनीतिक गर्मी तेज हो गई है। जहां कांग्रेस इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बता रही है, वहीं बीजेपी इसे हार की निराशा में की जा रही राजनीति कह रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह मामला सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में यह मुद्दा संसद से लेकर चुनाव आयोग तक गूंज सकता है। अब देखने वाली बात होगी कि क्या चुनाव आयोग इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया देता है या राजनीतिक दल इस मुद्दे को चुनावी हथियार की तरह इस्तेमाल करते रहेंगे।

Editorial
Next Story
Related News
X
