“वफादारी पर सवाल!” FWICE का PM से पासपोर्ट रद्द करने की मांग
पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ की आगामी फिल्म सरदार जी 3 का ट्रेलर रिलीज़ होते ही एक नए विवाद में फंस गया है। इस बार मामला सिर्फ फिल्म की कास्टिंग को लेकर नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ा हुआ है। दरअसल, फिल्म में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को कास्ट किए जाने पर सिनेमा जगत की सबसे बड़ी यूनियनों में से एक FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने कड़ी आपत्ति जताई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दिलजीत दोसांझ का पासपोर्ट रद्द करने की मांग की है।
नवी मुंबई में 'माहवारी' पर परानुभूति फाउंडेशन की नई पहल.
हानिया आमिर की मौजूदगी पर विवाद :
फिल्म सरदार जी 3 के ट्रेलर में हानिया आमिर की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर आक्रोश पैदा कर दिया। लोगों ने इसे भारत-पाकिस्तान के बीच जारी तनाव को नजरअंदाज करने वाला कदम बताया। बता दें कि फिल्म भारत में नहीं, बल्कि विदेशों में रिलीज की जाएगी, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तानी कलाकार की मौजूदगी ने भारतीय दर्शकों को नाराज़ कर दिया है।
FWICE का तीखा पत्र – ‘यह सिर्फ रचनात्मक फैसला नहीं’ :
न्यूज़ एजेंसी ANI के अनुसार, FWICE ने एक औपचारिक पत्र में न सिर्फ दिलजीत दोसांझ बल्कि फिल्म के निर्माता गुनबीर सिंह सिद्धू, मनमोर्द सिद्धू और निर्देशक अमर हुंदल की भी कड़ी आलोचना की है। पत्र में कहा गया है कि यह सिर्फ एक क्रिएटिव निर्णय नहीं है, बल्कि यह भारत की संप्रभुता, गरिमा और सुरक्षा का जानबूझकर किया गया अपमान है।
FWICE ने साफ तौर पर कहा कि “दलजीत दोसांझ और उनकी टीम ने हानिया आमिर को कास्ट करके एक माफ़ न किया जाने वाला काम किया है। यह एक ऐसा कार्य है जो न केवल इंडस्ट्री के प्रतिबंधों की अवहेलना करता है, बल्कि भारत की आत्मा को ठेस पहुंचाता है।”
पासपोर्ट रद्द करने की मांग :
पत्र में यह भी लिखा गया है कि “इन कलाकारों की वफादारी अब सवालों के घेरे में है। उन्होंने जिस देश से नाम, शोहरत और सम्मान पाया, उसी के खिलाफ जाकर काम किया है। इसलिए इनका पासपोर्ट रद्द किया जाए और भविष्य में किसी भी राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व या विशेषाधिकार से वंचित किया जाए।”
हानिया आमिर पर भी निशाना :
FWICE ने हानिया आमिर पर भी सीधा हमला करते हुए कहा कि “वह केवल एक विदेशी कलाकार नहीं हैं, बल्कि भारत के खिलाफ ज़हर फैलाने का काम करती रही हैं। उन्होंने भारतीय सेना का मज़ाक उड़ाया है और आतंकवाद को समर्थन देने वाली बयानबाज़ी की है।”
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
पृष्ठभूमि – ऑपरेशन सिंदूर के बाद विवाद और गहरा :
गौरतलब है कि अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके जवाब में भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाक संबंध और भी संवेदनशील हो गए हैं। इसी बीच पाकिस्तानी कलाकारों को काम देना, खासकर एक ऐसी अभिनेत्री को जो विवादों में रही हो, लोगों को नागवार गुजर रहा है।
क्या भारत में बैन होगी सरदार जी 3 ?
FWICE ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से भी संपर्क कर भारत में फिल्म की रिलीज़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और सेंसर सर्टिफिकेट न देने की अपील की है। अब देखना यह है कि भारत सरकार इस मांग पर क्या रुख अपनाती है और फिल्म सरदार जी 3 की टीम इस विवाद से कैसे निपटती है। फ़िलहाल, दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम ने इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
Editorial

Editorial

Next Story