mumbai
मुंबई। घाटकोपर स्काईवॉक पर एक पुलिस कॉन्स्टेबल की लाश मिलने के बाद से हड़कंप मच गया है। दरअसल घाटकोपर रेलवे स्टेशन स्काईवॉक पर एक व्यक्ति का शव मिला। बाद में जांच के दौरान मृतक की पहचान पुलिस कॉन्स्टेबल विलास राजे के रूप में हुई। इस घटना के सामने आन के बाद पंतनगर पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उन्हें सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास स्काईवॉक पर एक व्यक्ति गंभीर हालत में पड़ा है। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने इलाज शुरू होने से पहले ही उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि इस घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर मृतक की पहचान का पता लगाना शुरू कर दिया। जांच के दौरान पता चला कि विलास राजे 11 जून से अपने घर से लापता हुए थे। वह मुंबई पुलिस के तहत नायगांव में सशस्त्र पुलिस डिवीजन में कार्यरत थे। विलास राजे अपने परिवार के साथ घाटकोपर के जवाहर पुलिस लाइन में रहते थे। उनके परिवार से संपर्क करने पर पुलिस को पता चला कि राजे कई सालों से शराब की लत से जूझ रहे थे और अक्सर कई दिनों के लिए घर से बाहर चले जाते थे। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि अत्यधिक शराब का सेवन मौत का कारण हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण की पुष्टि हो पाएगी।
Editorial

Editorial

Next Story