mp
कुरुक्षेत्र, 21 जूनब्रह्मसरोवर की ऐतिहासिक भूमि पर 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। स्वामी रामदेव के नेतृत्व में एक लाख से अधिक योग साधकों ने एक साथ योगाभ्यास कर नया कीर्तिमान बनाया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और आचार्य बालकृष्ण भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।

mp
योग अब युगधर्म बन गया: स्वामी रामदेव
स्वामी रामदेव ने कहा कि दुनिया में अब 200 करोड़ से अधिक लोग योग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि “योग ही सनातन का सार है। योग परम सत्य है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को योगी योद्धा बताते हुए कहा कि राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक सभी योग करते हैं।

mp
10 लाख करोड़ की बचत संभव
स्वामी रामदेव ने बताया कि देश में दवाओं पर 10 लाख करोड़ रुपए खर्च होते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग रोजाना योग करें तो देश का हेल्थ बजट शून्य हो सकता है और 10 लाख करोड़ रुपए की बचत हो सकती है।

mp
स्वदेशी अपनाने का संकल्प
कार्यक्रम में योग के साथ-साथ स्वदेशी अपनाने का संकल्प भी दिलाया गया। स्वामी रामदेव ने बताया कि 1765 से 1900 के बीच विदेशी कंपनियों ने भारत से 100 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की लूट की है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाकर इस लूट को रोका जा सकता है।
मैकाले की शिक्षा पद्धति से मुक्ति
स्वामी रामदेव ने कहा कि 1835 से चली आ रही मैकाले की शिक्षा पद्धति से देश को मुक्त करने के लिए पतंजलि गुरुकुलम और आचार्यकुलम जैसे संस्थान भारतीय शिक्षा बोर्ड के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लाखों विद्यालयों को भारतीय
शिक्षा बोर्ड से संबद्ध कर नए भारत का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री का लक्ष्य: नशामुक्त हरियाणा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका लक्ष्य नशामुक्त और तनावमुक्त हरियाणा बनाना है। उन्होंने बताया कि हरियाणा और केन्द्र सरकार योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है।
योग के वैज्ञानिक फायदे
आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि दैनिक आधे से एक घंटे के योगाभ्यास से जीवन को स्वस्थ और आनंदमय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग में एंटी-एजिंग, इम्युनिटी बढ़ाने और बीमारियों को नियंत्रित करने की शक्ति है। पतंजलि रिसर्च फाउंडेशन की ओर से योग पर सैकड़ों रिसर्च पेपर प्रकाशित किए गए हैं।
पतंजलि योग समिति का योगदान
पतंजलि योग समिति के माध्यम से देश के 650 जिलों में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत निःशुल्क योग प्रशिक्षण दिया गया। देश में 1 लाख से अधिक निःशुल्क योग कक्षाएं संचालित हो रही हैं।
व्यापक भागीदारी
इस वर्ष की थीम ‘वन अर्थ, वन हेल्थ’ रही। कार्यक्रम में हरियाणा के राज्यपाल बंगारू दत्तात्रेय, मंत्री आरती राव, सांसद नवीन जिंदल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। 400 गांवों से संपर्क कर हरियाणा के प्रत्येक गांव की भागीदारी सुनिश्चित की गई। संपूर्ण हरियाणा में जिला और तहसील स्तर पर 11 लाख से अधिक लोगों ने ऑनलाइन भागीदारी की।
स्वामी रामदेव ने कहा कि “वन अर्थ, वन हेल्थ” का संकल्प केवल योग से पूर्ण हो सकता है। उन्होंने योग को युगधर्म बताते हुए कहा कि तनाव और बीमारियों से जूझ रही दुनिया को योग और सनातन मूल्यों से नई दिशा मिल रही है।
Editorial

Editorial

Next Story