✕
3 में 2 सीटें! केजरीवाल की AAP ने बटोरी बड़ी कामयाबी
By EditorialPublished on
गुजरात और पंजाब में हुए उप-चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए तीन में से दो सीटों पर जीत हासिल की है। पंजाब की लुधियाना पश्चिम और गुजरात की विसावदर सीट पर AAP ने सफलता दर्ज की, जबकि तीसरी सीट बीजेपी के खाते में गई। यह जीत खास तौर पर तब अहम मानी जा रही है जब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जेल से बाहर आए ही हैं।

x

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब और गुजरात में हुए उप-चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन में से दो सीटों पर जीत दर्ज की है। लुधियाना पश्चिम (पंजाब) और विसावदर (गुजरात) में मिली जीत को पार्टी राजनीतिक संजीवनी मान रही है। यह जीत ऐसे वक्त में आई है जब पार्टी को दिल्ली में सत्ता गंवाने और शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी जैसे बड़े झटके सहने पड़े थे।
लुधियाना में संजीव अरोड़ा की ऐतिहासिक जीत :
AAP ने लुधियाना पश्चिम सीट से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को उतारा, जिन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता भारत भूषण आशु को हराकर बाज़ी मारी। यह सीट पहले कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी और यहां की जीत को पंजाब में AAP के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला बताया जा रहा है।
नतीजे :
- संजीव अरोड़ा (AAP) – 35,144 वोट
- भारत भूषण आशु (कांग्रेस) – 24,510 वोट
- जीवन गुप्ता (बीजेपी) – 20,299 वोट
मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने पहले ही वादा किया था कि जीत के बाद अरोड़ा को मंत्री पद दिया जाएगा।
गुजरात में गोपाल इटालिया का बड़ा उलटफेर :
गुजरात की विसावदर सीट से AAP नेता गोपाल इटालिया ने बीजेपी के किरीट पटेल को हराकर सबको चौंका दिया। कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे। यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि विसावदर सीट 2007 से बीजेपी के कब्जे में नहीं रही थी, और अब AAP ने सीधा मुकाबला जीतकर खुद को कांग्रेस से बड़ा विकल्प साबित किया है।
नतीजे :
- गोपाल इटालिया (AAP) – 75,942 वोट
- किरीट पटेल (बीजेपी) – 58,388 वोट
- नितिन रणपरिया (कांग्रेस) – 5,501 वोट
कडी में AAP को झटका, बीजेपी की बड़ी जीत :
हालांकि, कडी सीट पर आप का प्रदर्शन कमजोर रहा और यहां से बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को हराया, जबकि आप तीसरे स्थान पर रही।
नतीजे :
- राजेंद्र चावड़ा (बीजेपी) – 99,742 वोट
- रमेश चावड़ा (कांग्रेस) – 60,290 वोट
- जगदीश चावड़ा (AAP) – 3,090 वोट
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
राजनीतिक विश्लेषण: क्या कहती है ये जीत ?
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, दिल्ली की सत्ता गंवाने और शीर्ष नेताओं की गिरफ़्तारी के बाद AAP को काफी नुकसान हुआ था। लेकिन इन दो सीटों पर जीत ने दिखा दिया कि आप अब भी ज़मीन पर मज़बूत है और वापसी की क्षमता रखती है। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, "लोग कह रहे थे कि AAP खत्म हो जाएगी, लेकिन यह दोबारा खड़े होने की मिसाल है।" मनीष सिसोदिया ने इसे “सेमीफाइनल की जीत” बताते हुए कहा कि “अब फाइनल की बारी है!”
‘मिशन 2027’ की शुरुआत :
अब AAP की निगाहें 2027 के विधानसभा चुनावों पर टिकी हैं। पंजाब में सत्ता बचाना और गुजरात में बीजेपी-कांग्रेस की जमी हुई राजनीति के बीच खुद को स्थापित करना पार्टी की प्राथमिकता बन चुकी है। आप नेता अनुराग ढांढा ने लिखा, "गुजरात में बीजेपी और कांग्रेस को हराकर केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजनीति में वापसी की है।" इन उपचुनावों के नतीजे AAP के लिए केवल सीटें नहीं, बल्कि एक राजनीतिक पुनर्जीवन हैं। पार्टी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी वापसी को लेकर पहले से ज़्यादा आश्वस्त दिख रही है। यह जीत केजरीवाल के लिए राजनीतिक ऑक्सीजन साबित हो सकती है।

Editorial
Next Story
Related News
X
