✕
एयर इंडिया पर बवाल; DGCA ने मांगी 10 दिन में रिपोर्ट
By EditorialPublished on
एविएशन रेगुलेटर DGCA ने एयर इंडिया पर सख्त रुख अपनाते हुए तीन अधिकारियों को हटाने का आदेश दिया है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि उनके खिलाफ आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई तुरंत शुरू की जाए और 10 दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट जमा की जाए। इस कार्रवाई से एविएशन सेक्टर में हलचल मच गई है।

x

भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एयर इंडिया की क्रू शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग में गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सभी संबंधित जिम्मेदारियों से हटाने का आदेश दिया गया है। साथ ही एयरलाइन को निर्देशित किया गया है कि इन अधिकारियों के खिलाफ आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट जमा की जाए।
यह कदम सीधे तौर पर 12 जून को अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए रवाना हो रही फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उठाया गया है। हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया और अब DGCA ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उड़ान सुरक्षा को लेकर कोई समझौता स्वीकार्य नहीं है।
क्या था मामला ?
सूत्रों के अनुसार, जिन तीन अधिकारियों को हटाया गया है, वे एयर इंडिया की क्रू शेड्यूलिंग से जुड़े ऑपरेशनल चूक के लिए जिम्मेदार पाए गए हैं। इन अधिकारियों को अब किसी भी क्रू मैनेजमेंट से जुड़ी जिम्मेदारियों से दूर रखा जाएगा। DGCA का कहना है कि यह कदम एयरलाइन संचालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
12 जून का भयावह हादसा :
12 जून को एअर इंडिया की फ्लाइट AI-174 टेकऑफ के दौरान संतुलन बिगड़ने के चलते पास के मेडिकल कॉलेज की इमारत से टकरा गई। इस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज की कैंटीन में मौजूद कई डॉक्टर भी इस हादसे का शिकार हो गए।
हादसे की शुरुआती जांच में सामने आया कि क्रू की थकावट, गलत शेड्यूलिंग और नियमन की अनदेखी ने इस हादसे में बड़ी भूमिका निभाई। यही कारण है कि DGCA ने अब शेड्यूलिंग प्रक्रिया को लेकर एयर इंडिया को सख्त निर्देश दिए हैं और इसमें व्यापक सुधार की मांग की है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
DGCA का सख्त संदेश :
DGCA ने साफ किया है कि अब सुरक्षा मानकों में कोई चूक या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एयरलाइनों को चेताया गया है कि वे अपने क्रू प्रबंधन, ट्रेनिंग और रेस्ट साइकिल से संबंधित सभी नियमों का सख्ती से पालन करें। DGCA की इस कार्रवाई से एविएशन सेक्टर में एक कड़ा संदेश गया है कि भविष्य में कोई भी लापरवाही सीधे जवाबदेही और कार्रवाई का कारण बनेगी।

Editorial
Next Story
Related News
X
