इजरायल-ईरान जंग के बीच धरती कांपी, परमाणु विस्फोट का शक
इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच शुक्रवार, 20 जून 2025 को ईरान के सेमनान क्षेत्र में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। इस भूकंप ने न केवल स्थानीय चिंता बढ़ाई बल्कि परमाणु परीक्षण को लेकर अटकलों को भी जन्म दे दिया। हालांकि, विशेषज्ञों और वैश्विक एजेंसियों ने इन आशंकाओं को खारिज कर दिया है।
सेमनान के पास आया भूकंप, मिसाइल परिसर के निकट :
सेमनान, जो ईरान के अंतरिक्ष और मिसाइल कार्यक्रमों के लिए जाना जाता है, वहीं यह भूकंप भी दर्ज किया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार भूकंप का केंद्र सेमनान से 27 किलोमीटर दूर दक्षिण-पश्चिम में था, जिसकी गहराई 10 किलोमीटर मापी गई।
इस क्षेत्र में स्थित सेमनान अंतरिक्ष केंद्र और सेमनान मिसाइल परिसर के पास भूकंप आने से कई अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों और मीडिया संगठनों ने सवाल उठाया कि क्या यह किसी भूमिगत परमाणु परीक्षण का परिणाम था?
ईरान की प्रतिक्रिया और परमाणु स्थिति :
इस भूकंप से एक दिन पहले ही ईरान ने यह साफ कर दिया था कि वह मौजूदा तनाव के बीच अपने परमाणु कार्यक्रम पर कोई बातचीत नहीं करेगा। यह बयान ऐसे समय में आया जब यूरोपीय देश ईरान और इजरायल के बीच शांति स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं।
हालांकि ईरानी समाचार एजेंसी इरना ने बताया कि इस भूकंप से कोई जनहानि नहीं हुई और केवल मामूली नुकसान की सूचना है।
ईरान में भूकंप आम, लेकिन समय ने बढ़ाई चिंता :
ईरान दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय क्षेत्रों में से एक है। यह अल्पाइन-हिमालयी भूकंपीय बेल्ट पर स्थित है, जहां अरब और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें टकराती हैं। यहां हर साल लगभग 2,100 भूकंप आते हैं, जिनमें से 15 से 16 की तीव्रता 5.0 या उससे अधिक होती है। भूतपूर्व आंकड़ों के अनुसार, 2006 से 2015 के बीच ईरान में 96,000 भूकंप दर्ज किए गए।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
वैज्ञानिकों और एजेंसियों ने परमाणु परीक्षण की अटकलें की खारिज :
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, US Geological Survey (USGS), Comprehensive Nuclear-Test-Ban Treaty Organization (CTBTO) और स्वतंत्र भूकंप वैज्ञानिकों ने इस भूकंप का विश्लेषण किया और स्पष्ट किया कि यह प्राकृतिक घटना थी, कोई परमाणु विस्फोट नहीं।
विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंपीय तरंगों के विश्लेषण से यह तय किया जा सकता है कि घटना प्राकृतिक थी या मानवजनित। उपलब्ध डेटा स्पष्ट रूप से एक प्राकृतिक टेक्टोनिक मूवमेंट की पुष्टि करता है।
जहां इजरायल और ईरान के बीच युद्ध जैसे हालात ने विश्व को चिंता में डाल रखा है, वहीं सेमनान में आया यह भूकंप अपने संवेदनशील स्थान के कारण संदेह का कारण बना। हालांकि, वैज्ञानिक विश्लेषण और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कोई परमाणु परीक्षण नहीं, बल्कि एक प्राकृतिक भूकंप था।
Editorial

Editorial

Next Story