183 करोड़ का बैंक घोटाला; CBI ने PNB मैनेजर को दबोचा
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक सीनियर मैनेजर सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर एक बड़े वित्तीय धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। यह कार्रवाई 183.21 करोड़ रुपये की फर्जी बैंक गारंटी से जुड़े एक बहुचर्चित मामले में की गई है, जो मध्य प्रदेश जल निगम लिमिटेड (MPJNL) और इंदौर की एक निजी कंपनी से संबंधित है।
क्या है पूरा मामला ?
CBI के अनुसार, इंदौर स्थित एक कंपनी ने वर्ष 2023 में PNB की फर्जी बैंक गारंटियों के ज़रिए MPJNL से तीन बड़े सिंचाई प्रोजेक्ट्स हासिल किए थे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 974 लाख रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि कंपनी ने इन प्रोजेक्ट्स को सुरक्षित करने के लिए 183.21 करोड़ रुपये की कुल 8 फर्जी बैंक गारंटी जमा की थीं।
दिलचस्प बात यह रही कि इन गारंटी पत्रों की पुष्टि MPJNL को PNB के आधिकारिक डोमेन से आए ईमेल के ज़रिए हुई थी, जिसके बाद MPJNL ने बिना संदेह के कॉन्ट्रैक्ट को मंजूरी दे दी। बाद में, जांच के दौरान यह गारंटी पत्र पूरी तरह फर्जी पाए गए।
CBI की देशभर में छापेमारी :
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद CBI ने इस मामले में तेज़ी से कार्रवाई शुरू की। 19 और 20 जून को देश के पांच राज्यों – दिल्ली, पश्चिम बंगाल, गुजरात, झारखंड और मध्य प्रदेश में 23 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसी दौरान, कोलकाता से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक PNB का सीनियर मैनेजर भी शामिल है।
दोनों आरोपियों को पहले कोलकाता की एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया और फिर ट्रांजिट रिमांड पर इंदौर लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
मामले में कोलकाता गैंग का लिंक :
CBI की शुरुआती जांच से यह सामने आया है कि इस फर्जीवाड़े में कोलकाता के एक संगठित गैंग का हाथ है, जो कई राज्यों में सरकारी टेंडर और ठेके हासिल करने के लिए फर्जी बैंक गारंटी बनाकर वितरित करता रहा है। यह गैंग संभवतः अन्य प्रोजेक्ट्स में भी इसी तरह की धोखाधड़ी में शामिल रहा है।
CBI की टीमें अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियाँ हो सकती हैं।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
बैंकिंग सिस्टम पर बड़ा सवाल :
इस मामले ने एक बार फिर भारतीय बैंकिंग सिस्टम की सुरक्षा और फर्जीवाड़े के खिलाफ मौजूद निगरानी तंत्र की कमजोरी को उजागर किया है। फर्जी गारंटियों के आधार पर सरकारी कॉन्ट्रैक्ट्स का मिलना न केवल जनधन की बर्बादी है, बल्कि यह बैंकों और सरकारी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
CBI इस पूरे घोटाले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े और कई चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।
Editorial

Editorial

Next Story