साल 2025 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक, आमिर खान और जेनेलिया डिसूजा अभिनीत ‘सितारे ज़मीन पर’ आखिरकार 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म ने रिलीज़ के पहले ही दिन जबरदस्त ओपनिंग की और बॉक्स ऑफिस पर शानदार कलेक्शन के साथ सबको चौंका दिया।
क्रिटिक्स और दर्शकों से मिली शानदार प्रतिक्रिया ने फिल्म की रफ्तार को और तेज कर दिया है। जहां एक ओर दर्शकों को फिल्म की इमोशनल कहानी और परफॉर्मेंस ने भावुक कर दिया, वहीं दूसरी ओर फिल्म ने कलेक्शन के मामले में ‘हाउसफुल 5’ जैसी बड़ी फिल्म को पीछे छोड़ते हुए अपना दबदबा साबित कर दिया।
पहले दिन की कमाई में ‘हाउसफुल 5’ को पछाड़ा :
बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन के कलेक्शन की बात करें तो, इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, ‘सितारे ज़मीन पर’ ने शुक्रवार को सभी भाषाओं में मिलाकर 11.7 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, दो हफ्ते से बॉक्स ऑफिस पर टिके रहने के बावजूद, अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन की ‘हाउसफुल 5’ केवल 1.85 करोड़ रुपये ही कमा पाई।
इस तरह ‘सितारे ज़मीन पर’ ने पहले दिन ही ‘हाउसफुल 5’ को 9.85 करोड़ रुपये के बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया। हालांकि ‘हाउसफुल 5’ 200 करोड़ क्लब की ओर धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन आमिर खान की वापसी ने इस शुक्रवार पर पूरी तरह कब्जा कर लिया।

तीन साल बाद आमिर खान की दमदार वापसी :
‘सितारे ज़मीन पर’ से आमिर खान ने लगभग तीन साल के ब्रेक के बाद बड़े पर्दे पर वापसी की है। फिल्म को लेकर फैंस में काफी उत्साह था, और आमिर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि उनकी फिल्में सिर्फ स्टार पावर नहीं, बल्कि कंटेंट से भी भरपूर होती हैं।
दिलचस्प बात ये है कि यह फिल्म साल 2007 की सुपरहिट फिल्म ‘तारे ज़मीन पर’ की प्रीक्वल कही जा रही है। ‘तारे ज़मीन पर’ ने अपने ओपनिंग डे पर मात्र 2.62 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि ‘सितारे ज़मीन पर’ ने उससे चार गुना से भी अधिक की ओपनिंग दर्ज की।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
क्या है फिल्म की कहानी ?
‘सितारे ज़मीन पर’ की कहानी एक बास्केटबॉल कोच गुलशन अरोड़ा (आमिर खान) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे एक गुस्सैल व्यवहार के चलते निलंबित कर दिया जाता है। सजा के तौर पर उसे दिव्यांग बच्चों को बास्केटबॉल सिखाने की जिम्मेदारी दी जाती है। शुरू में कोच और बच्चों के बीच टकराव होता है, लेकिन समय के साथ दिल छू लेने वाले रिश्ते बनते हैं। फिल्म में इमोशन, ह्यूमर और इंस्पिरेशन का जबरदस्त मिश्रण है।
फिल्म की सफलता का संकेत :
'सितारे ज़मीन पर' की ओपनिंग देखकर यह साफ है कि फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित हो सकती है। मजबूत कंटेंट, पावरफुल परफॉर्मेंस और इमोशनल कनेक्शन ने इसे दर्शकों के दिलों में जगह दिला दी है। अब देखना यह होगा कि वीकेंड पर फिल्म का कलेक्शन किस ऊंचाई को छूता है।
Next Story