mumbai
मुंबई। महाराष्ट्र में बहुप्रतीक्षित नगर निगम और स्थानीय निकाय चुनावों के महाभारत की रणभेरी कभी भी बज सकती है। संभवत: सितंबर, अक्टूबर में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों के लिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपने स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। बीजेपी ने इस बार मुंबई मनपा में 150 नगर सेवकों को निर्वाचित कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मिशन 150 के जरिए बीजेपी मुंबई मनपा में अपना महापौर बनाने के लिए पूरा जोर लगा रही है। इसके लिए बीजेपी ने अपनी नई टीम को मैदान में उतारा है। बीजेपी के जिला अध्यक्षों की दूसरी सूची शनिवार को जारी की गई। जिसमें राज्य के शेष 22 जिलाध्यक्षों के नाम घोषित किए गए। इन शेष नामों में तीन नाम मुंबई के जिलाध्यक्षों के भी शामिल हैं। ये तीन नव निर्वाचित जिलाध्यक्ष हैं उत्तर पश्चिम मुंबई – ज्ञानमूर्ति शर्मा, दक्षिण मध्य मुंबई – निरंजन उभारे तथा दक्षिण मुंबई – शलाका सालवी। इससे पहले बीजेपी ने अपनी पहली सूची में 58 जिला अध्यक्षों के नाम घोषित किए थे। मुंबई के तीन जिलाध्यक्षों के नाम उस पहली सूची में घोषित किए गए थे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद बीजेपी ने विपक्ष खासकर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनकी पार्टी शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (UBT) की कमर तोड़ने के लिए हर हाल में मुंबई मनपा पर अपना कब्जा जमाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए बीजेपी में विधानसभा चुनाव के तुरंत बाद मुंबई मनपा सहित राज्य के अन्य नगर निगमों एवं स्थानीय निकायों के चुनाव की तैयारी शुरू कर दी गई थी। संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य में ‘संगठन पर्व’ अभियान चलाया गया। इसके तहत राज्य में डेढ़ करोड़ तो वहीं मुंबई में 15 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा किया गया। इससे समूह स्तर पर पार्टी की ताकत बढ़ी। इसके बाद वार्ड व मंडल के नए अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। सियासी जानकारों का ऐसा मानना है कि नई टीम के आने से पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी पर विराम लगेगा। आत्ममुग्धता से मुक्त नई टीम नए जोश के साथ आगामी मनपा चुनावों के लिए जनसंपर्क बढ़ाने का काम करेगी। इसका लाभ पार्टी को चुनाव में मिलेगा।
Next Story