✕
अमेरिका में दहलानेवाला मंजर; 'फ्री फिलिस्तीन' नारा,सनकी का हमला
By EditorialPublished on
अमेरिका के कोलोराडो में यहूदियों पर हमला, रिहाई की मांग कर रहे थे इजरायली बंधकों की! कोलोराडो के बोल्डर शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे यहूदी समुदाय पर अचानक हमला कर दिया गया। रविवार को हुए इस हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी और कई लोग घायल हो गए।

x

अमेरिका के कोलोराडो राज्य के बोल्डर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन अचानक हिंसा की भेंट चढ़ गया। रविवार को ‘Run for Their Lives’ नामक कार्यक्रम के दौरान यहूदी समुदाय के लोग गाज़ा में अगवा किए गए इजरायली बंधकों की रिहाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे, तभी उन पर मोलोटोव कॉकटेल से हमला कर दिया गया।
यह घटना पर्ल स्ट्रीट मॉल पर उस समय हुई जब प्रदर्शनकारी बैनर और पोस्टरों के साथ शांतिपूर्वक मार्च कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति, जिसने माली जैसी वेशभूषा पहन रखी थी, प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचा और ‘फ्री फिलिस्तीन’ के नारे लगाते हुए जलती बोतलें भीड़ पर फेंक दीं।
हमले में छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनमें कुछ बच्चे भी शामिल हैं। कई अन्य प्रदर्शनकारी भी घायल हुए हैं। मौके पर तुरंत आपातकालीन सेवाएं पहुंचीं और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
एफबीआई ने माना – जानबूझकर किया गया आतंकी हमला :
एफबीआई ने इस हमले को एक सुनियोजित आतंकी हमला करार दिया है। एजेंसी ने जानकारी दी कि 45 वर्षीय मोहम्मद सबरी सोलिमन को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोलिमन पर आरोप है कि उसने प्रदर्शन के दौरान मोलोटोव कॉकटेल का इस्तेमाल किया, जिससे भारी तबाही हुई। हमलावर का सोशल मीडिया पर फिलिस्तीनी समर्थन में किया गया प्रचार भी जांच के घेरे में है।
एफबीआई के निदेशक काश पटेल ने हमले को "घृणा से प्रेरित और धार्मिक अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने वाला" बताया। उन्होंने कहा कि एजेंसी स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई दहशत की कहानी :
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, “हम सब शांति से प्रदर्शन कर रहे थे। बच्चे झंडे लेकर दौड़ रहे थे, तभी अचानक आग की लपटें उठीं और लोग चीखते हुए इधर-उधर भागने लगे।” प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने पहले ‘फ्री फिलिस्तीन’ के नारे लगाए और फिर हमला कर दिया।
अमेरिका में धार्मिक हिंसा पर फिर उठे सवाल :
यह हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिका में धार्मिक असहिष्णुता और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हमलों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। CBS न्यूज और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना यहूदियों के खिलाफ बढ़ते हमलों की ताजा कड़ी है, जिससे देशभर में चिंता और आक्रोश फैल गया है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
आगे की कार्रवाई :
बोल्डर पुलिस विभाग ने बताया कि घटना की गहन जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को सील कर दिया है और डिजिटल साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और संदिग्ध की पृष्ठभूमि की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और यहूदी संस्थानों को सतर्क कर दिया गया है।
यह घटना न केवल एक समुदाय पर हमले को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि अमेरिका में धार्मिक पहचान के आधार पर नफरत की भावना किस तरह जानलेवा रूप ले सकती है।

Editorial
Next Story
Related News
X
