देशभर के वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने टोल टैक्स व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए घोषणा की है कि अब महज 3000 रुपए में सालभर के लिए FASTag पास बनवाया जा सकता है। इस पास के जरिए पूरे साल टोल टैक्स की झंझट से छुटकारा मिलेगा। गडकरी के इस एलान से हाईवे पर सफर करने वालों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है।


गडकरी का बड़ा ऐलान; एक पास, साल भर टोल मुक्ति!
देशभर के करोड़ों निजी वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को टोल टैक्स को लेकर एक ऐतिहासिक फैसले की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि अब वाहन चालक मात्र ₹3,000 में एक वार्षिक FASTag पास बनवा सकते हैं, जिससे उनकी टोल टैक्स से जुड़ी परेशानियां काफी हद तक खत्म हो जाएंगी।
गडकरी ने इस नई योजना की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा की। उन्होंने लिखा, "एक ऐतिहासिक पहल के तहत, 15 अगस्त 2025 से ₹3,000 की कीमत वाला FASTag आधारित वार्षिक पास शुरू किया जा रहा है। यह पास सक्रिय होने की तिथि से एक वर्ष तक या 200 यात्राओं तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा।"
सिर्फ निजी वाहनों के लिए मिलेगा लाभ :
इस स्कीम का लाभ केवल निजी उपयोग वाले गैर-व्यावसायिक वाहनों (जैसे कार, जीप, वैन आदि) को मिलेगा। व्यावसायिक या भारी वाहनों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इस वार्षिक पास से राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्बाध यात्रा को बढ़ावा मिलेगा और टोल प्लाज़ाओं पर लगने वाली भीड़ में भी कमी आने की उम्मीद है।

ऐप और वेबसाइट से होगा पास का एक्टिवेशन :
गडकरी ने बताया कि इस पास को राजमार्ग यात्रा ऐप, NHAI और Ministry of Road Transport and Highways (MoRTH) की वेबसाइट से एक्टिवेट या रिन्यू कराया जा सकेगा। इसके लिए जल्द ही एक अलग लिंक जारी किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जा सके।

60 किलोमीटर के दायरे में टोल विवादों का समाधान :
गडकरी ने यह भी कहा कि यह नीति विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद होगी जो 60 किलोमीटर के दायरे में आने वाले टोल प्लाज़ाओं से बार-बार गुजरते हैं। यह वार्षिक पास उन्हें एक ही सुलभ लेन-देन के जरिए टोल भुगतान से मुक्ति देगा और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगा।
तेज और बेहतर यात्रा का अनुभव ;
गडकरी ने आगे लिखा कि यह नीति टोल प्लाज़ाओं पर प्रतीक्षा समय को घटाएगी, भीड़ को कम करेगी और विवादों को समाप्त करेगी। इससे वाहन चालकों को एक तेज, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
पहले से थी योजना की तैयारी :
गौरतलब है कि नितिन गडकरी ने अप्रैल 2025 में ही संकेत दिया था कि टोल टैक्स प्रणाली में बड़ा बदलाव आने वाला है। तब से यह योजना तैयार की जा रही थी, जिसे अब औपचारिक रूप से लागू करने का फैसला किया गया है।
लाखों वाहन चालकों को सीधा फायदा :
इस ऐलान से लाखों निजी वाहन चालकों को सीधा फायदा मिलेगा, खासकर उन लोगों को जो नियमित रूप से हाईवे से यात्रा करते हैं। जहां एक ओर इससे टोल टैक्स देने की प्रक्रिया आसान होगी, वहीं दूसरी ओर समय और ईंधन की भी बचत होगी।
Editorial

Editorial

Next Story