✕
पाक में हाईजैक के बाद ब्लास्ट; जाफर एक्सप्रेस की 6 बोगियां डिरेल
By EditorialPublished on
जैकोबाबाद (पाकिस्तान): पाकिस्तान के सिंध प्रांत में उस वक्त अफरातफरी मच गई जब जैकोबाबाद के पास रेलवे ट्रैक पर एक जबरदस्त धमाका हुआ। इस विस्फोट में करीब छह फुट लंबी 6 पटरियां पूरी तरह से तबाह हो गईं, जिससे तेज़ रफ्तार जाफर एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतर गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के इलाकों में भी धमाके की आवाज़ सुनाई दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

x

पाकिस्तान में एक बार फिर रेल यात्रा की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जैकोबाबाद के पास सोमवार को जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाते हुए रेलवे ट्रैक पर भयानक विस्फोट किया गया, जिससे ट्रेन की छह बोगियां पटरी से उतर गईं। यह ट्रेन पेशावर से क्वैटा जा रही थी और धमाके के वक्त तेज़ रफ्तार में थी।
पुलिस के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर धमाका इतना ज़ोरदार था कि वहां तीन फुट गहरा और चौड़ा गड्ढा बन गया। साथ ही करीब छह फुट लंबी पटरियां पूरी तरह से उड़ गईं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि कई यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की गई है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच चुके हैं और घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
धमाके से डगमगाई ट्रेन, पटरी से उखड़े पहिए :
समा टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ट्रेन के कोचों के पहिए तक पटरी से उखड़ गए और पूरी ट्रेन अचानक रुक गई। यात्रियों में भारी अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं। इस हादसे ने ना सिर्फ यात्रियों को झकझोर दिया बल्कि एक बार फिर पाकिस्तान के रेल रूट्स की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
खतरनाक हो चुका है बलूचिस्तान रेल रूट :
विशेष रूप से बलूचिस्तान क्षेत्र, जहां से जाफर एक्सप्रेस गुजरती है, लंबे समय से असुरक्षा का पर्याय बन चुका है। यह क्षेत्र अलगाववाद, आतंकवाद और सेना के खिलाफ विद्रोह का गढ़ माना जाता है। जाफर एक्सप्रेस पहले भी कई बार हमलों की शिकार हो चुकी है, जिससे यह रूट 'हाई रिस्क जोन' बन चुका है।
मार्च 2025: जब जाफर एक्सप्रेस को किया गया था हाईजैक
गौरतलब है कि मार्च 2025 में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इसी जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया था। उस समय ट्रेन में लगभग 350 यात्री सवार थे। पाकिस्तानी सेना को एक बड़ा ऑपरेशन चलाकर ट्रेन को मुक्त कराना पड़ा था।
BLA ने दावा किया था कि उन्होंने 100 से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया, जबकि पाकिस्तान सेना ने 35 बंधकों की मौत की पुष्टि की थी। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं :
अब एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। रेलवे और इंटेलिजेंस एजेंसियां मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन शक की सुई BLA जैसे उग्रवादी संगठनों की ओर घूम रही है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
यात्रियों में डर, सरकार पर सवाल :
घटनास्थल से आईं तस्वीरें और वीडियो दर्शाते हैं कि ट्रेन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। यात्रियों में दहशत का माहौल है और सोशल मीडिया पर लोग सरकार की लचर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि पाकिस्तान सरकार इस हमले के बाद रेल मार्गों की सुरक्षा को लेकर क्या कड़े कदम उठाती है, या फिर एक और हादसा बस रिपोर्ट बनकर रह जाएगा।

Editorial
Next Story
Related News
X
