✕
बम की अफवाह या सियासी चाल; ईरानी बयान से गरमाया माहौल
By EditorialPublished on
पश्चिम एशिया में तनाव के बीच एक बड़ा बयान सामने आया है। ईरान के एक शीर्ष अधिकारी ने दावा किया कि अगर इजरायल ने ईरान पर परमाणु हमला किया, तो पाकिस्तान उसकी तरफ से जवाबी कार्रवाई करेगा। हालांकि, पाकिस्तान ने इस बयान को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘बिल्कुल झूठा और भ्रामक’ करार दिया है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

x
ईरान और इजरायल के बीच जारी संघर्ष के बीच अब परमाणु हमले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ईरान ने हाल ही में दावा किया कि अगर इजरायल उस पर न्यूक्लियर अटैक करता है, तो पाकिस्तान उसका साथ देगा और इजरायल पर परमाणु हमला करेगा। हालांकि, पाकिस्तान ने इस दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह ‘झूठ और भ्रामक’ करार दिया है।
ईरान के इस दावे से मध्य-पूर्व में तनाव और अधिक बढ़ गया है। इस बयान के केंद्र में थे इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के वरिष्ठ जनरल मोहसेन रेजाई, जिन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि पाकिस्तान ने उसे भरोसा दिलाया है कि वह न्यूक्लियर अटैक की स्थिति में ईरान का साथ देगा।
लेकिन पाकिस्तान ने इस बयान को फौरन खारिज कर दिया। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा, “इस्लामाबाद ने ऐसा कोई भी बयान नहीं दिया है। यह दावा पूरी तरह से निराधार है।” उन्होंने इसे ईरान की तरफ से फैलाया गया झूठ बताया और स्पष्ट किया कि पाकिस्तान क्षेत्रीय शांति का पक्षधर है।
खामेनेई छिपे बंकर में, इजरायली हमले की आशंका :
तनाव की इस स्थिति के बीच एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ईरानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई अपने परिवार के साथ एक बंकर में छिप गए हैं। कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया है कि इजरायल ने खामेनेई पर हमले की योजना बनाई थी, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तक पहुंची थी। हालांकि, ट्रंप ने उस समय इस हमले को रोक दिया था।
224 की मौत, 1277 घायल—ईरान-इजरायल संघर्ष में बढ़ती तबाही :
ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इजरायल द्वारा किए गए हमलों में अब तक 224 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 1277 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, इजरायली आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम (MDA) के मुताबिक, सेंट्रल इजरायल में ईरानी मिसाइलों के हमले में 3 लोगों की मौत हुई है और 67 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक 30 वर्षीय महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
एमडीए ने जानकारी दी है कि कई लोग मामूली रूप से घायल हैं और कुछ चिंता (anxiety) और डर के कारण अस्पताल पहुंचे हैं। बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के कारण प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं।
ईरान-इजरायल संघर्ष एक खतरनाक मोड़ पर पहुँच गया है। ऐसे समय में जब युद्ध का विस्तार क्षेत्रीय शक्तियों तक होने की आशंका है, पाकिस्तान जैसे देश का नाम सामने आना अंतरराष्ट्रीय राजनीति में चिंता का विषय बन गया है। हालांकि, पाकिस्तान ने स्पष्ट रूप से खुद को इस विवाद से दूर बताया है।

Editorial
Next Story
Related News
X
