Pratahkal_Gold

मुंबई । शहर पुलिस और अपराध शाखा ने एक दिनदहाड़े हुई डकैती की वारदात को महज 12 घंटे में सुलझाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार (Arrested) किया, जिनमें जूलर का एक कर्मचारी भी शामिल है। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा 3 किलो सोना (Gold) बरामद कर लिया है। इस सोने की कीमत लगभग 2.55 करोड़ रुपए है।
अपराध शाखा की यूनिट 5 ने संतोष जैन और अब्दुल करीम शेख को गिरफ्तार किया और उनके पास से 3 किलो सोना बरामद किया, जबकि नागपाड़ा पुलिस ने तीन अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो की पहचान मंगेश शिंदे और दलवी के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि शिकायतकर्ता के कर्मचारी संतोष जैन ने यह जानकारी दी थी कि उसका नियोक्ता एक विशेष स्थान और समय पर सोना ले जा रहा था।
घटना गुरुवार सुबह हुई जब शिकायतकर्ता और उसका भतीजा लोअर परेल स्थित कार्यालय की ओर स्कूटर से जा रहे थे। तभी चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने शिकायतकर्ता पर हमला किया और सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए, जिसमें 1,500 ग्राम के सोने की बिस्किट और 1,500 ग्राम के टूटे और मरम्मत किए गए आभूषण शामिल थे।
शिकायत के बाद नागपाड़ा पुलिस स्टेशन में तुरंत एफआईआर दर्ज की गई। स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा की संयुक्त और निरंतर कार्रवाई के चलते सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story