Pratahkal_Gold_Smuggling_Air_India
मुंबई । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अमेरिका से भारत में गोल्ड की स्मगलिंग (Gold smuggling) करने वाले गिरोह के लिए काम करने के आरोप में एयर इंडिया (Air India) के एक क्रू सदस्य को गिरफ्तार किया है।
डीआरआई ने इस गिरोह के मास्टरमाइंड राकेश राठोड को भी गिरफ्तार किया है और तस्करी कर लाया गया रु. 1.41 करोड़ मूल्य का विदेशी सोना जब्त किया है।
विशेष जानकारी के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने शुक्रवार को एयर इंडिया की फ्लाइट AI-116 से न्यूयॉर्क से आए गिरीश पिंपले (उम्र 42) को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ग्रीन चैनल पार कर निकलते समय रोका।
जांच में डीआरआई को सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़ी हस्तलिखित गणनाएं दो पर्चों पर मिलीं, जिससे पिंपले की संलिप्तता की पुष्टि हुई। पूछताछ में पिंपले ने स्मगलिंग में अपनी भूमिका स्वीकार की।
उसने बैगेज सेवा क्षेत्र में रखे एक सोफे के पास 1373.2 ग्राम विदेशी मूल का सोना (कीमत : रु. 1.41 करोड़) छिपाकर रखा था, जिसे जब्त कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि यह सोना राकेश राठोड को सौंपा जाना था, जो इस तस्करी गिरोह का मास्टरमाइंड है। राठोड को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
राकेश राठोड ने हर 1 किलो सोने पर पिंपले को रु. 2 लाख देने की पेशकश की थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राठोड पिंपले से अमेरिका में नकद भुगतान करके सोना खरीदवाता था और फिर उसे भारत में तस्करी के जरिए मंगवाता था, जिससे उसे भारी मुनाफा होता। एयरलाइन क्रू सदस्यों की आमतौर पर जांच नहीं होती, इसी बात का फायदा उठाकर राठोड ने पिंपले को तस्करी के काम में शामिल किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि राठोड ने हाल ही में पिंपले के लिए अमेरिका में 1,50,000 अमेरिकी डॉलर का इंतजाम किया था, ताकि पिंपले तस्करी के लिए अमेरिका में सोना खरीद सके। डीआरआई की आगे की जांच में यह भी पता चला है कि राकेश राठोड और गिरीश पिंपले पिछले एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे।
Next Story