✕
राज ठाकरे पर फडणवीस का खास पोस्ट; क्या ये सियासी संकेत है?
By EditorialPublished on
महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने MNS प्रमुख राज ठाकरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, लेकिन इस साधारण सी बधाई के पीछे बड़े राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। हाल ही में दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या बीजेपी आगामी चुनावों में मनसे के साथ गठबंधन की तैयारी में है?

x
महाराष्ट्र की राजनीति एक बार फिर नए समीकरणों की ओर इशारा कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे को जन्मदिन की बधाई देकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर राज ठाकरे की तस्वीर साझा करते हुए फडणवीस ने लिखा, "महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं!"
यह संदेश सामान्य लग सकता है, लेकिन इसके पीछे का समय और संदर्भ कई राजनीतिक संकेत दे रहा है। दरअसल, इस पोस्ट से दो दिन पहले ही फडणवीस और राज ठाकरे की एक बंद कमरे में मुलाकात हुई थी, जो करीब डेढ़ घंटे तक चली। इसके बाद से ही कयास लगने लगे कि क्या आगामी निकाय चुनावों से पहले बीजेपी और मनसे के बीच गठबंधन की तैयारी हो रही है?
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की हालिया नजदीकियों को देखते हुए यह और दिलचस्प हो जाता है। राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि अगर राज ठाकरे बीजेपी के साथ जाते हैं, तो यह उनके भाई उद्धव ठाकरे के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। हालांकि, अभी तक किसी भी दल की ओर से गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन सियासी गलियारों में अटकलें चरम पर हैं।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
वहीं, राज ठाकरे ने अपने जन्मदिन से पहले ही पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचित कर दिया था कि वह 14 जून को मुंबई में नहीं रहेंगे और अपने परिवार के साथ बाहर जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी आग्रह किया कि इस बात का कोई राजनीतिक मतलब न निकाला जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में कोई जनहित का कार्यक्रम करते हैं, तो वही उनका असली जन्मदिन समारोह माना जाएगा।
हर साल की तरह इस बार राज ठाकरे के जन्मदिन पर पार्टी कार्यकर्ताओं का मुंबई में जमावड़ा नहीं हुआ, लेकिन इस साल का जन्मदिन राजनीतिक रूप से कहीं ज्यादा चर्चा में रहा। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह बधाई भविष्य के किसी गठबंधन की भूमिका है या केवल एक औपचारिक संदेश?

Editorial
Next Story
Related News
X
