PAK के JF-17 हुए तबाह, भारत दिखाएगा एयर स्ट्राइक के सुबूत!
6-7 मई की रात को भारतीय वायुसेना ने एक बार फिर अपनी सटीक रणनीति और दमदार ताकत का परिचय देते हुए पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इस ऑपरेशन को नाम दिया गया – ऑपरेशन सिंदूर, और इसके तहत भारतीय वायुसेना ने न सिर्फ आतंकवादियों के अड्डों को नेस्तनाबूद किया बल्कि पाकिस्तानी वायुसेना की चुनौती को भी करारा जवाब दिया।
पाकिस्तान के फाइटर जेट बने राफेल-सुखोई का निशाना :
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जब भारतीय राफेल और सुखोई लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर हमला किया, तब पाकिस्तान ने अपने JF-17, J-10 और मिराज जेट्स को हवा में उतारकर जवाबी कार्रवाई की कोशिश की। लेकिन भारतीय पायलटों ने एयर डॉग-फाइट में अप्रत्याशित युद्ध कौशल दिखाते हुए कई पाकिस्तानी फाइटर जेट्स को आसमान में ही मार गिराया।
देश के रक्षा और सुरक्षा से जुड़े उच्च स्तरीय सूत्रों ने एबीपी न्यूज को बताया है कि भारत के पास इन डॉग-फाइट्स के ठोस और पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिनमें मार गिराए गए पाकिस्तानी विमानों के सैटेलाइट इमेज, रडार डेटा और इंफ्रारेड सिग्नेचर शामिल हैं। इन सबूतों को जल्द ही भारत सरकार औपचारिक रूप से सार्वजनिक करेगी।
आतंकियों पर भी भारी पड़ा ऑपरेशन :
यह कार्रवाई केवल डिफेंस तक सीमित नहीं रही। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना ने आतंकवादियों के कई लॉन्च पैड्स, ट्रेनिंग कैंप्स और अस्थायी ठिकानों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस हमले में करीब 100 आतंकियों को ढेर किया गया। हमला इतना सटीक और योजनाबद्ध था कि पाकिस्तान को इसका अंदाजा तक नहीं लग सका।
पाकिस्तान की बौखलाहट और सीजफायर का उल्लंघन :
हमले के बाद पाकिस्तान ने बौखलाहट में सीमावर्ती इलाकों में सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारी गोलीबारी शुरू कर दी। लेकिन भारत ने भी पलटवार करते हुए उसकी कई अग्रिम चौकियों को तबाह कर दिया। इतना ही नहीं, भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस समेत कई अन्य एयरबेस पर सर्जिकल अटैक करते हुए उन्हें गंभीर नुकसान पहुंचाया। नूर खान एयरबेस को पाकिस्तानी वायुसेना की रीढ़ माना जाता है और इसका निशाना बनाया जाना पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
जल्द होगा बड़ा खुलासा :
भारत सरकार अब इस पूरे ऑपरेशन से संबंधित सबूतों को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने रखने की तैयारी में है। इसमें पाकिस्तानी जेट्स की तबाही, आतंकी ठिकानों का सफाया और पाकिस्तानी मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को हुए नुकसान से जुड़े डिटेल्स शामिल होंगे। इससे पाकिस्तान की झूठी बयानबाज़ी और फेक प्रॉपेगैंडा का पर्दाफाश करने में भी मदद मिलेगी।
ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि एक रणनीतिक संदेश था – कि भारत अब आतंक और आतंक को सह देने वालों के खिलाफ बिल्कुल भी नरमी नहीं बरतेगा। यह कार्रवाई स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि अगर भारत पर हमला होगा, तो जवाब दुगनी ताकत से दिया जाएगा – और वह भी सीमा के भीतर नहीं, बल्कि दुश्मन के घर में घुसकर।
Next Story