Virat Kohli
5/9/2025 2:57:22 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने भारतीय सेना के प्रति सम्मान जताते हुए एक भावुक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है। कोहली ने कहा कि वह देश की रक्षा में लगे हर सैनिक और उनके परिवारों के प्रति हमेशा ऋणी रहेंगे। गुरुवार को पाकिस्तान द्वारा किए गए ड्रोन हमलों को भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया और सभी ड्रोन को समय रहते मार गिराया। "हम आपके साथ हैं" – कोहली का भावनात्मक संदेश

विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा :
"हम इस कठिन समय में हमारे देश की रक्षा करने के लिए अपने सशस्त्र बलों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और उन्हें सलाम करते हैं। हम अपने नायकों की अटूट बहादुरी के लिए हमेशा उनके ऋणी रहेंगे और हमारे महान राष्ट्र के लिए उनके और उनके परिवारों द्वारा किए गए बलिदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।" पोस्ट के अंत में कोहली ने "जय हिन्द 🇮🇳" लिखते हुए देशभक्ति की भावना को और प्रबल कर दिया।
अनुष्का शर्मा ने भी जताया सम्मान :
विराट कोहली की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर एक भावनात्मक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा:
"हम भारतीय सशस्त्र बलों के प्रति हमेशा आभारी हैं, जिन्होंने इन मुश्किलों में हमारी नायकों की तरह रक्षा की है। उनके और उनके परिवारों के बलिदान के लिए हार्दिक आभार।"

IPL 2025 में विराट कोहली का प्रदर्शन :
आईपीएल 2025 में विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ओर से शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने अब तक खेले गए 11 मैचों में 63.12 की औसत से 505 रन बनाए हैं। वह ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष 4 में शामिल हैं और पहले नंबर पर मौजूद शुभमन गिल से सिर्फ 5 रन पीछे हैं।
IPL 2025 रद्द, खिलाड़ी घर लौटने लगे :
हालिया सुरक्षा हालात को देखते हुए BCCI ने IPL 2025 को रद्द करने का फैसला किया है। आज (9 मई) को लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के बीच मैच खेला जाना था, लेकिन इससे पहले ही टूर्नामेंट पर ब्रेक लग गया। विराट कोहली लखनऊ में थे और अब वह अन्य खिलाड़ियों के साथ अपने घर लौटेंगे। वहीं, टूर्नामेंट में शामिल सभी विदेशी खिलाड़ियों की वापसी की भी व्यवस्था की जा रही है।
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे लोकप्रिय चेहरों द्वारा सेना के लिए सम्मान प्रकट करना न केवल जवानों के मनोबल को बढ़ाता है, बल्कि पूरे देश को एकजुटता और देशभक्ति का संदेश भी देता है। मौजूदा हालात में देशवासियों की भावनाएं सेना के साथ मजबूती से जुड़ी हुई हैं, और यही भावना आज सोशल मीडिया से लेकर हर भारतीय दिल तक महसूस की जा रही है।
यह भी पढे :
Editorial

Editorial

Next Story