✕
पाक को उमर अब्दुल्ला का अल्टीमेटम; हथियार डालो वरना..
By EditorialPublished on
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की ओर से हो रही गोलीबारी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि पाकिस्तान जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बना रहा है, जिसे अब बंद किया जाना चाहिए। जम्मू में पाकिस्तानी गोलीबारी में घायल लोगों से मुलाकात के बाद उन्होंने यह बयान दिया और पाक की नापाक हरकतों की कड़ी निंदा की।

x
5/9/2025 3:36:02 PM
भारत-पाकिस्तान सीमा पर जारी तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि अब बहुत हो चुका है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को तुरंत अपनी हरकतें बंद कर देनी चाहिए, नहीं तो इसका नुकसान उसे ही उठाना पड़ेगा। उन्होंने यह बयान जम्मू में पाकिस्तानी गोलीबारी में घायल लोगों से मुलाकात के दौरान दिया।
“आम लोगों को निशाना बना रहा है पाकिस्तान” :
उमर अब्दुल्ला ने पाकिस्तान की हरकतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, "पाकिस्तान की तरफ से आम नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिश की गई है। जम्मू शहर पर ड्रोन से हमला करने का प्रयास किया गया, जो 1971 की जंग के बाद पहली बार हुआ है।" उन्होंने बताया कि भारतीय सुरक्षा बलों ने सभी ड्रोन हमलों को नाकाम कर दिया और एक भी ड्रोन अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सका।
"ये हालात हमने नहीं बनाए" :
सीएम उमर अब्दुल्ला ने दोहराया कि यह हालात भारत की ओर से नहीं बनाए गए हैं। उन्होंने कहा, "पहलगाम में हमारे निर्दोष नागरिकों पर हमला हुआ, जिसका जवाब देना जरूरी था। अब पाकिस्तान सीमा पर गोलीबारी और ड्रोन हमलों से हालात को और बिगाड़ रहा है। यह रास्ता उसे कहीं नहीं ले जाएगा, सिर्फ नुकसान होगा। उन्हें अक्ल से काम लेना चाहिए और बंदूकें खामोश कर देनी चाहिए।"
पुंछ में सबसे ज्यादा तबाही :
उमर अब्दुल्ला ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से की जा रही फायरिंग में सबसे ज्यादा नुकसान पुंछ जिले में हुआ है। उन्होंने कहा, "सबसे अधिक जानें पुंछ में गई हैं और घायल भी वहीं के हैं। जिन लोगों से मैंने जम्मू अस्पताल में मुलाकात की, वे सभी पुंछ से हैं। गंभीर रूप से घायलों को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। हालात बेहद चिंताजनक हैं।"
भारत का जवाब – ऑपरेशन सिंदूर :
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमलों में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की थी, जिसमें 100 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया। इसके बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है और लगातार सीमा पर फायरिंग और ड्रोन हमलों की कोशिश कर रहा है।
एयर डिफेंस की सतर्कता ने बचाई जानें :
सीएम उमर अब्दुल्ला ने बताया कि पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों को ड्रोन और मिसाइल से निशाना बनाने की साजिश रची थी, जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते नाकाम कर दिया। जम्मू-कश्मीर में भी कई जगहों पर हमले की कोशिशें की गईं, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें पूरी तरह विफल कर दिया।
सीएम उमर अब्दुल्ला के बयानों से साफ है कि अब जम्मू-कश्मीर सरकार भी पाकिस्तान की हरकतों पर सख्त रवैया अपनाने के मूड में है। उनकी चेतावनी एक स्पष्ट संदेश है कि अब भारत न तो उकसावे को नजरअंदाज करेगा और न ही आम नागरिकों को निशाना बनाने की कोशिशों को सहन करेगा। हालात बेहद नाजुक हैं, लेकिन सेना और सरकार दोनों सतर्क हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
