5/9/2025 12:08:39 PM
भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से पूर्व सांसद वरुण गांधी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से अपनी बात रखते हुए न केवल भारतीय सेना के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लीडरशिप की भी खुलकर सराहना की।
वरुण गांधी ने कहा कि इस संवेदनशील दौर में हर भारतीय का यह कर्तव्य बनता है कि वह अपनी सेना के साथ चट्टान की तरह खड़ा रहे। उन्होंने लिखा, "यह मात्र एक युद्ध नहीं है, बल्कि दो विचारधाराओं का टकराव है। एक ओर भारत है, जो मानवता, शांति और लोकतंत्र का प्रहरी है, जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान है, जो कट्टरता, अस्थिरता और आतंक का प्रतीक बन चुका है।"
गंगनानी के पास हेलीकॉप्टर क्रैश; 6 की मौत, 1 घायल
बीजेपी नेता ने जोर देकर कहा कि भारत इस समय आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने लिखा, "भारत जहाँ स्थिर और सशक्त नेतृत्व के साथ आतंकवाद से मुकाबला कर रहा है, वहीं पाकिस्तान राजनीतिक रूप से अस्थिर है और आतंकी एजेंडों का मोहरा बन चुका है। अंतर केवल रणनीति का नहीं, बल्कि नीति और नीयत का भी है।"
उन्होंने भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि हमारी सेना राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और सेवा-भाव से प्रेरित है, जबकि पाकिस्तान की सेना घृणा, भ्रम और छल से भरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सेना मासूम और निर्दोष नागरिकों को भी निशाना बनाने से नहीं चूकती।
वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि देश को उन पर गर्व है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के दृढ़ संकल्प ने दुनिया को दिखा दिया है कि मानवता और न्याय की रक्षा में भारत कभी पीछे नहीं हटेगा।"
अपनी पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय हिन्द, जय हिन्द की सेना’ के नारे के साथ सैनिकों के शौर्य और बलिदान को सलाम किया। वरुण गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब भारत-पाक संबंध बेहद तनावपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं और देश में एकजुटता का माहौल बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
Editorial

Editorial

Next Story