पाक बॉर्डर के पास बैंकों में हाई अलर्ट ; वॉर रूम तैयार!
5/8/2025 2:45:48 PM
पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों पर भारत की 'पिन पॉइंट मिसाइल स्ट्राइक' ने पड़ोसी मुल्क की नींद उड़ा दी है। जवाब में पाक सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार गोलीबारी शुरू कर दी है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच अब देश के बैंकिंग सेक्टर ने भी कमर कस ली है।
बॉर्डर इलाकों में हाई अलर्ट, बैंकों ने वॉर रूम किया एक्टिव :
पंजाब नेशनल बैंक के एमडी अशोक चंद्रा ने बताया कि साइबर अटैक की आशंका के चलते बैंकों ने 24x7 वॉर रूम सक्रिय कर दिए हैं। पाकिस्तान से सटे राज्यों की शाखाओं में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
ATM भरे, साइबर फायरवॉल तैनात!
एक अन्य सरकारी बैंक अधिकारी के मुताबिक, सीमावर्ती इलाकों के सभी एटीएम में पर्याप्त कैश भर दिया गया है ताकि जनता को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही, साइबर हमलों से निपटने के लिए एंटी-साइबर अटैक सिस्टम को और मजबूत किया गया है।
'ऑपरेशन सिंदूर' में नौ आतंकी ठिकानों पर कहर :
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात बड़ा जवाब दिया। जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर ठिकाने से लेकर लश्कर के मुरीदके ठिकाने तक, कुल 9 आतंकी शिविरों को निशाना बनाकर तबाह किया गया।
NSE-BSE ने भी उठाया डिजिटल सुरक्षा का बड़ा कदम :
साइबर खतरे को भांपते हुए NSE और BSE ने अपनी वेबसाइटें विदेशी यूजर्स के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। हालांकि विदेशी निवेशक अब भी अपने अधिकृत ब्रोकर के जरिए ट्रेडिंग कर सकते हैं।
Editorial

Editorial

Next Story