Shah Meets CMs of 9 States; Big Move Ahead!
5/7/2025 3:24:57 PM
पाकिस्तान और पीओके में भारतीय सेना की बड़ी कार्रवाई 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद केंद्र सरकार ने सुरक्षा को लेकर बड़ा मंथन शुरू कर दिया है। मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात भारतीय सेना ने आतंक के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। इस कार्रवाई में जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 सदस्य मारे जाने की खबर है। सेना ने सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और पाकिस्तानी सेना को कोई क्षति नहीं पहुंचाई गई।
इस कारवाई के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी। इससे पहले पीएम मोदी ने सुबह कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की बैठक की, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। पीएम ने राष्ट्रपति को बताया कि भारत ने यह कार्रवाई आत्मरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की है।
वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को नौ राज्यों के मुख्यमंत्रियों, डीजीपी और मुख्य सचिवों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर व लद्दाख के उपराज्यपाल शामिल हुए। शाह ने राज्यों में आंतरिक सुरक्षा, सीमावर्ती इलाकों की स्थिति और संभावित खतरे को लेकर समीक्षा की।
गृह मंत्रालय की इस बैठक को जंग जैसे हालातों के बीच रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। अमित शाह ने सभी राज्यों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी राजनीतिक दलों को ऑपरेशन की जानकारी देने का फैसला किया है, जिससे राष्ट्रीय एकता और सामूहिक रणनीति पर सहमति बन सके।
भारत की इस निर्णायक कारवाई को आतंकवाद के खिलाफ एक कड़ा संदेश माना जा रहा है, जिसमें बिना किसी सैन्य संघर्ष के सीधे आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है।
Editorial

Editorial

Next Story