5/7/2025 5:50:54 PM
भारतीय सेना ने आतंक के अड्डों पर सीधा प्रहार करते हुए पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में एक और ऐतिहासिक एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया है। सेना ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे खूंखार आतंकी संगठनों के नौ ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए। इस निर्णायक कार्रवाई के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा कि भारत ने अपने जवाब देने के अधिकार का प्रयोग करते हुए दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
रक्षा मंत्री ने बताया कि यह ऑपरेशन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में किया गया, और भारतीय सेना ने अपने शौर्य, पराक्रम और अनुशासन के साथ एक नया इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा, "सेना ने पूरी योजना और सटीकता के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें केवल आतंकियों के ठिकानों को ही निशाना बनाया गया, किसी भी नागरिक स्थान को नुकसान नहीं पहुंचाया गया।"
Operation Sindoor में भारत का मोस्टवांटेड रऊफ असगर एयर स्ट्राइक की चपेट में; मसूद का घर तबाह
राजनाथ सिंह ने सेना की मानवीयता को रेखांकित करते हुए कहा, "हमारी सेना ने सटीकता, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की है। किसी भी नागरिक ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया। यह हमारी सशस्त्र बलों की नैतिकता और उच्च प्रशिक्षण का प्रमाण है।"
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में सेना की तुलना भगवान हनुमान से करते हुए कहा कि "हमारी सेना ने हनुमान जी के उस आदर्श का पालन किया, जो उन्होंने अशोक वाटिका में किया था – ‘जिन मोहि मारा, तिन मोहि मारे’। हमने केवल उन्हीं को निशाना बनाया जिन्होंने हमारे मासूमों की जान ली।"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऑपरेशन सिंदूर का उद्देश्य केवल आतंकियों के शिविर और उनके बुनियादी ढांचे को तबाह करना था, ताकि उनका मनोबल पूरी तरह टूट जाए। उन्होंने कहा कि "हमारी सेनाओं ने सोची-समझी रणनीति के तहत सिर्फ आतंकी अड्डों पर वार किया और आतंकवाद को पालने वालों को सीधा संदेश दिया है – अब बर्दाश्त नहीं होगा।"
इस दौरान रक्षा मंत्री सीमा सड़क संगठन (BRO) के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने भारतीय सेना के पराक्रम को सलाम किया और कहा कि "मैं भारत की वीर सेना के साहस, त्याग और समर्पण को नमन करता हूं।"
Editorial

Editorial

Next Story