Siren at 7 PM: Mock Drill Alert in UP
5/6/2025 11:22:54 AM
उत्तर प्रदेश जैसे बड़े और घनी आबादी वाले राज्य में एक बार फिर मॉक ड्रिल की तैयारी जोरों पर है। गृह मंत्रालय के निर्देश पर 7 मई, बुधवार को पूरे प्रदेश में एक अभूतपूर्व अभ्यास किया जाएगा, जो युद्ध, हवाई हमले और आतंकी हमलों जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए आम नागरिकों को तैयार करेगा।
इस मॉक ड्रिल के तहत शाम 7 बजे प्रदेशभर में चेतावनी के सायरन बजेंगे और ब्लैकआउट की स्थिति लागू होगी। यानी सभी घरों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों की लाइटें बंद कर दी जाएंगी ताकि किसी संभावित हवाई या मिसाइल हमले के दौरान दुश्मन की नजरों से बचा जा सके।
54 साल बाद दोहराया जा रहा है इतिहास :
इस तरह की ड्रिल यूपी में आखिरी बार 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान कराई गई थी। अब एक बार फिर केंद्र सरकार ने राज्य को निर्देशित किया है कि संभावित युद्ध या आपदा की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशिक्षण और अभ्यास कराया जाए।
सिर्फ अभ्यास नहीं, नागरिकों को प्रशिक्षण भी मिलेगा:
नागरिक सुरक्षा विभाग इस ड्रिल के जरिए आम जनता, खासकर छात्रों को सिविल डिफेंस की बेसिक ट्रेनिंग देगा। इसमें प्राथमिक चिकित्सा, आग बुझाना, आपात संचार व्यवस्था, शेल्टर की खोज और दूसरों की मदद जैसे विषय शामिल होंगे।
राज्य के 15 जिलों में है सक्रिय सिविल डिफेंस नेटवर्क :
डीजी नागरिक सुरक्षा अभय प्रसाद ने बताया कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख शहरों समेत कुल 26 जिलों में यह अभ्यास कराया जाएगा। यह भी परखा जाएगा कि घायल नागरिकों को अस्पताल तक कैसे पहुंचाया जाए और आपातकालीन सेवाएं कितनी तेज़ी से सक्रिय होती हैं।
यह अभ्यास सिर्फ सरकार की तैयारी परखने के लिए नहीं है, बल्कि यह भी देखने का अवसर है कि आम नागरिक आपात स्थिति में कितने सतर्क और सहयोगी बनते हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कह चुके हैं कि राज्य आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देगा।
Editorial

Editorial

Next Story