✕
IMF-वर्ल्ड बैंक के बाद अब मूडी ने भी घटाया भारत का भरोसा!
By EditorialPublished on
अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक के बाद अब ग्लोबल रेटिंग एजेंसी मूडीज ने भी भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार को लेकर चिंता जताई है। एजेंसी ने देश की आर्थिक विकास दर का अनुमान घटाकर 6.3 फीसदी कर दिया है, जो पहले की अपेक्षा काफी धीमा है। यह कटौती वैश्विक चुनौतियों, टैरिफ में बढ़ोतरी और हालिया आतंकी हमलों जैसे कारकों के मद्देनज़र की गई है।
_202505061451371590.jpg)
x
5/6/2025 2:45:52 PM
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने देश की अर्थव्यवस्था पर असर डालना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, वैश्विक रेटिंग एजेंसी मूडीज ने 6 मई को अपने ग्लोबल मैक्रो आउटलुक में भारत की आर्थिक वृद्धि दर को लेकर संशोधित अनुमान जारी किया है। मूडीज का कहना है कि भारत की जीडीपी वृद्धि दर 2025 में घटकर 6.3 प्रतिशत रह सकती है, जो कि वर्ष 2024 में 6.7 प्रतिशत थी।
मूडीज की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब वैश्विक स्तर पर भी कई आर्थिक व भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं बनी हुई हैं। एजेंसी ने कहा है कि वैश्विक आर्थिक नीतियों को लेकर जारी अस्थिरता, उपभोक्ता विश्वास, व्यापार और वित्तीय गतिविधियों पर नकारात्मक असर डाल सकती है। इसके अलावा अमेरिका-चीन व्यापार तनाव, रूस-यूक्रेन युद्ध, मध्य पूर्व में अस्थिरता और दक्षिण चीन सागर में तनाव जैसे वैश्विक मुद्दों से भी निवेशकों की चिंता बढ़ी है।
भारत को लेकर अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक पहले ही अपने अनुमान जारी कर चुके हैं। IMF ने भारत की विकास दर 6.2 प्रतिशत और विश्व बैंक ने 6.3 प्रतिशत बताई थी। अब मूडीज ने भी अपने अनुमान में कटौती करते हुए साफ किया है कि व्यापारिक अनिश्चितताओं और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों से विकास की गति प्रभावित हो सकती है।
मूडीज ने चेताया कि यदि तनाव और बढ़ता है तो निवेशकों और कारोबारियों की लागत भी बढ़ सकती है। कारोबारी निर्णयों में अब नई भू-राजनीतिक स्थितियों का विशेष ध्यान रखना होगा, जिससे निवेश और आपूर्ति श्रृंखला पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, कीमतों को लेकर मूडीज थोड़ी राहत देती नजर आई। एजेंसी ने 2025 में महंगाई दर 4 प्रतिशत और 2026 में 4.3 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही 2026 तक भारत की विकास दर में कुछ तेजी आ सकती है और यह 6.5 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

Editorial
Next Story
Related News
X
