राफेल पर हड़कंप! CDS के बयान से सियासत गरमाई
राफेल लड़ाकू विमान के गिरने के मुद्दे पर हाल ही में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘महत्वपूर्ण यह नहीं कि विमान गिराए गए, बल्कि यह है कि वे क्यों गिरे’। इस बयान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर तीखा प्रहार किया है और केंद्र से इस पूरे मामले की जांच के लिए समीक्षा समिति बनाने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि अब तक सरकार लगातार इस मामले से पलटी मारती रही है, लेकिन CDS के बयान के बाद सरकार को इस सचाई को स्वीकारना पड़ेगा।
कांग्रेस ने इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और तेलंगाना सरकार के मंत्री व पूर्व भारतीय वायुसेना पायलट उत्तम रेड्डी ने कहा कि राफेल जेट के गिरने को लेकर अब जब CDS ने खुद इसे स्वीकार कर लिया है तो सरकार को भी इससे इनकार करना बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा, “जब राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सवाल उठाए थे, तो उन्हें राष्ट्रविरोधी कहा गया, लेकिन अब CDS ने वही बात कही है।”

‘पारदर्शिता जरूरी’ :
कांग्रेस ने जोर देकर कहा है कि सरकार को इस मुद्दे पर पूरी पारदर्शिता दिखानी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने कहा कि भारतीय वायु सेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल वी आर सिंह द्वारा फाइटर एयरक्राफ्ट की डिलीवरी में हो रही देरी को लेकर जो चिंता जताई गई है, वह भी सरकार के लिए गंभीर चुनौती है। कांग्रेस ने मांग की कि इस मामले में सरकार उचित कदम उठाए ताकि सुरक्षा में कोई कमी न आए।
‘राफेल गिरने पर सियासत नहीं’ :
उत्तम रेड्डी ने यह भी कहा कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर सेना के मनोबल को प्रभावित नहीं करना चाहती, लेकिन देश के हित में नुकसान को भी छुपाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “हमें अपने वायुसेना पर गर्व है, हमने पाकिस्तान के कई हमलों का सफलतापूर्वक मुकाबला किया है। पर जब नुकसान होता है तो उसे छुपाना ठीक नहीं। हमें इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।”
सरकार से समीक्षा समिति की मांग :
कांग्रेस का कहना है कि सीडीएस के बयान के बाद सरकार को अब और इंतजार नहीं करना चाहिए। इस विषय में तत्काल प्रभाव से एक स्वतंत्र समीक्षा समिति गठित करनी चाहिए, जो इस पूरे मामले की गहन जांच करे और राफेल जेट दुर्घटना के कारणों को सामने लाए। साथ ही यह भी जांच हो कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या-क्या कदम उठाए जा सकते हैं।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार इस मामले में पारदर्शिता नहीं दिखाएगी और उचित कार्रवाई नहीं करेगी, तो विपक्ष इसे संसद सहित देश के सभी मंचों पर उठाएगा। पार्टी ने यह भी कहा कि वे रक्षा मंत्रालय और सरकार से इस विषय पर पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग करते हैं ताकि देशवासियों को सच पता चल सके।
राफेल जेट गिरने को लेकर सीडीएस के बयान ने सरकार की नीति और रक्षा तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस की ओर से इस मामले की जांच और पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। अब देखने वाली बात होगी कि केंद्र सरकार इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाती है और कैसे रक्षा तंत्र को मजबूत करती है।
Editorial

Editorial

Next Story