PM मोदी का भोपाल में भव्य स्वागत; मेट्रो और एयरपोर्ट की सौगात!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात दी। वह लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में शामिल हुए, जो देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने एक स्मारक डाक टिकट और 300 रुपये का विशेष सिक्का जारी किया, जो महान समाज सुधारिका अहिल्याबाई को समर्पित है।
प्रधानमंत्री ने जंबूरी मैदान में लगे एक विशेष प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया, जो देवी अहिल्याबाई की जीवनगाथा और मध्यप्रदेश के विकास कार्यों पर केंद्रित थी। इसके बाद उन्होंने मंच पर पहुंचकर उपस्थित जनसमूह का अभिवादन किया और महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित कई घोषणाएँ कीं।
अहिल्याबाई पुरस्कार और अटल ग्राम भवन की सौगात :
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान देने वाली महिला कलाकारों को राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके साथ ही, उन्होंने मध्यप्रदेश की 1,271 ग्राम पंचायतों में ‘अटल ग्राम सुशासन भवन’ के निर्माण के लिए 480 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की। ये भवन पंचायत स्तर पर प्रशासन, बैठकों और दस्तावेज़ प्रबंधन की दिशा में बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगे।
इंदौर मेट्रो की येलो लाइन की शुरुआत :
प्रधानमंत्री ने भोपाल से वर्चुअली इंदौर मेट्रो सेवा की येलो लाइन के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस कॉरिडोर के पहले चरण में 6 किलोमीटर का ट्रैक तैयार किया गया है, जिसमें 5 स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों का नामकरण वीरांगनाओं के नाम पर किया गया है – सिंदूर देवी, अहिल्या, दुर्गावती, अवंतिका बाई और झलकारी बाई।
31.32 किलोमीटर लंबे इंदौर मेट्रो प्रोजेक्ट में 22.62 किलोमीटर एलेवेटेड और 8.7 किलोमीटर भूमिगत ट्रैक शामिल है। यह प्रोजेक्ट लगभग 7,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है और शहरी यातायात को सुगम, तेज और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
दतिया और सतना को मिले नए एयरपोर्ट्स :
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्चुअली दतिया और सतना में दो नए एयरपोर्ट्स का लोकार्पण भी किया। दतिया एयरपोर्ट, जो 60 करोड़ की लागत से 124 एकड़ में बना है, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा। इसमें दो चेक-इन काउंटर, 1.81 किमी लंबा रनवे और 50 कारों की पार्किंग की सुविधा है। हफ्ते में चार दिन फ्लाई बिग की 19 सीटर उड़ानें यहां से संचालित होंगी।
वहीं, सतना एयरपोर्ट का पुनर्निर्माण 37 करोड़ की लागत से किया गया है। यह 1200 मीटर लंबे रनवे वाला एयरपोर्ट अब आधुनिक सुविधाओं से लैस है। टर्मिनल बिल्डिंग, एटीसी टावर, वीआईपी लाउंज, सुरक्षा इंतज़ाम और 5.5 किमी की बाउंड्री वॉल इसे एक पूर्ण विकसित हवाई अड्डा बनाते हैं। इसके शुरू होने से विन्ध्य क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नया बल मिलेगा।
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
एक दिन, कई सौगातें :
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए विकास और महिला सशक्तिकरण के संदेश का प्रतीक बना। देवी अहिल्याबाई की 300वीं जयंती के मौके पर जारी डाक टिकट और सिक्का नारी गरिमा का प्रतीक है, वहीं मेट्रो, एयरपोर्ट और अटल ग्राम भवन जैसी योजनाएं देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही हैं।
Editorial

Editorial

Next Story