mumbai
मुंबई। मुंबई पुलिस ने हाई-प्रोफाइल वित्तीय धोखाधड़ी मामले में हाल ही में गिरफ्तार किए गए सुनील लोढ़ा के खिलाफ कई और मामलों का खुलासा किया है। लोढ़ा पर वर्ष 2023 में एक प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री से छेड़छाड़ का आरोप है। आरोप है कि उसने एक म्यूजिक एलबम बनाने के बहाने अभिनेत्री को जुहू के फाइव स्टार होटल में बुलाया और बाद में उसके घर जाकर छेड़छाड़ की। अभिनेत्री की शिकायत पर अप्रैल 2023 में जुहू पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी, हालांकि उस समय गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
लोढ़ा ने दावा किया था कि उसने म्यूजिक एलबम में रु.5.5 लाख का निवेश किया और रु.1.5 लाख एक महिला एजेंट को दिए, जिसने उसे अभिनेत्री से मिलवाया था। पुलिस ने बाद में यह राशि बरामद की। इसके बाद वह फरार हो गया और हाल ही में दिल्ली से रु.4.89 करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया।
अभिनेत्री एक हाई-बजट वीडियो एलबम के लिए निवेशक खोज रही थी और इसी दौरान वह लोढ़ा के संपर्क में आई। लोढ़ा की हरकतों से असहज होकर उसने पुलिस कंट्रोल रूम में शिकायत की। मीडिया में यह मामला उजागर होने के बाद और भी पीड़ित सामने आए। पुलिस ने बताया कि 2023 में लोढ़ा ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट से रु.2.5 करोड़ और पंजाब के एक व्यापारी से रु.50 लाख की ठगी की थी। लोढ़ा पहले एक सफल फैमिली प्लाईवुड बिज़नेस चलाता था, जिसमें 9 गोदाम और 15 कर्मचारी थे। लेकिन बाद में वह स्टॉक मार्केट में निवेश का आदी हो गया और भारी नुकसान के बाद डूब गया।
खुद को संभालने के लिए उसने फिल्मों के निर्माण और डांस बार खोलने जैसे कई व्यावसायिक योजनाएं बनाईं और लोगों से कर्ज लिया, पर कोई योजना सफल नहीं हुई। अंततः वह दबाव और कर्जदारों से बचने के लिए गायब हो गया। बोरीवली पुलिस के अनुसार, वह 4 मई तक पुलिस हिरासत में रहेगा और उसका बयान रिकॉर्ड किया जा रहा है। अब तक दो शिकायतकर्ता सामने आ चुके हैं और यह संख्या बढ़ने की संभावना है।
Editorial

Editorial

Next Story