हिमाचल में पकड़ा गया पाकिस्तानी जासूस, कोर्ट ने 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा।
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, मोबाइल से मिली संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी।
pakistani jasus
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी युवक की पहचान अभिषेक भारद्वाज के रूप में हुई है, जो देहरा उपमंडल के सुखाहर क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर युवक के घर पर छापा मारकर गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच में जो तथ्य मिले हैं वह चौंकाने वाले हैं। मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, ऐसे में सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। युवक के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसमें कई संदिग्ध जानकारियां मिली हैं।
मोबाइल से मिले सबूत
पुलिस की माने तो युवक की गतिविधियों पर बीते कुछ हफ्तों से खुफिया निगरानी रखी जा रही थी। संदेह है कि वह संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से पाकिस्तान तक पहुंचा रहा था। इसी के चलते आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 152 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
कोर्ट में पेशी और रिमांड
युवक को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस रिमांड में पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है। युवक के देशविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की गिरफ्तारी के चलते क्षेत्र में डर का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों से भी मदद मांगी है। आरोपी युवक ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। उसने पुलिस को बताया है कि वह सोशल मीडिया के जरिए जानकारी साझा कर रहा था।
अब तक 12 जासूस गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जासूसी विरोधी अभियान तेज कर दिया है। इसके बाद से पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से 12 लोग गिरफ्तार हुए हैं। अभी तक पता चला है कि उत्तर भारत में पाकिस्तान से बड़ा जासूसी नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें 2 महिलाएं भी हैं।
Editorial

Editorial

Next Story