कावेरी 2.0 स्वदेशी इंजन;
भारत के बहुप्रतीक्षित स्वदेशी फाइटर जेट इंजन प्रोजेक्ट – कावेरी इंजन – एक बार फिर सुर्खियों में है। हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सैन्य ताकत का प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें ज्यादातर हथियार स्वदेशी थे। इसके बाद से सोशल मीडिया पर #FundKaveriEngine जैसे ट्रेंड्स के जरिए लोग इस स्वदेशी प्रोजेक्ट को फिर से गति देने की मांग कर रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि यह प्रोजेक्ट भारत को न केवल आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि दुश्मन देशों के लिए कड़ा संदेश भी होगा।

क्या है कावेरी इंजन ?
कावेरी इंजन प्रोजेक्ट भारत सरकार के रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) द्वारा 1980 के दशक में शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य एक शक्तिशाली टर्बोफैन इंजन तैयार करना था, जिसकी थ्रस्ट क्षमता 81-83 किलो न्यूटन हो और जो स्वदेशी लड़ाकू विमान जैसे एलसीए तेजस में इस्तेमाल हो सके। इस प्रोजेक्ट पर गैस टरबाइन रिसर्च इस्टैब्लिशमेंट (GTRE) लैब बेंगलुरु में काम कर रही है।
हालांकि, तकनीकी चुनौतियों, फंडिंग की कमी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग की कमी के कारण इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा नहीं किया जा सका। परमाणु परीक्षणों के बाद लगे वैश्विक प्रतिबंधों के चलते भारत को संवेदनशील तकनीकों तक पहुंच नहीं मिली, जिससे इंजन का विकास प्रभावित हुआ।
क्यों हो रही है इस प्रोजेक्ट की फिर से मांग ?
भारत आज तेज़ी से 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट्स की ओर बढ़ रहा है, और इसके लिए आत्मनिर्भरता बेहद ज़रूरी हो गई है। ऐसे में कावेरी इंजन का महत्व और भी बढ़ गया है। सोशल मीडिया पर लोग मांग कर रहे हैं कि सरकार इस प्रोजेक्ट को फिर से प्राथमिकता दे और इसमें फंडिंग को बढ़ाया जाए।
#FundKaveriEngine जैसे हैशटैग ट्रेंड हो रहे हैं, जिनमें युवाओं से लेकर डिफेंस एक्सपर्ट्स तक सभी यह मांग कर रहे हैं कि भारत को अपने स्वदेशी इंजन डेवेलपमेंट को और तेज़ करना चाहिए ताकि राफेल जैसे विदेशी जेट्स पर निर्भरता कम हो।
हालिया उपलब्धियाँ और भविष्य की उम्मीदें :
हाल ही में GTRE ने कावेरी इंजन के ड्राई वेरिएंट की टेस्टिंग सफलतापूर्वक पूरी की है। यह वेरिएंट बिना आफ्टरबर्नर के काम करता है और इसे भविष्य में मानव रहित हवाई वाहनों (UCAV) और अन्य हवाई प्लेटफॉर्म्स के लिए उपयोग में लाने की योजना है। इंजन में आधुनिक FADEC (Full Authority Digital Engine Control) सिस्टम लगाया गया है जो नियंत्रण को सटीक बनाता है और इसमें मैनुअल बैकअप भी है। यह सिस्टम इंजन को अलग-अलग स्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता देता है।
इस इंजन की डिजाइन इसे 55-58 kN थ्रस्ट देने के लिए तैयार की गई है, जिसे आगे बढ़ाकर 90 kN तक ले जाने की योजना है। अगर यह लक्ष्य हासिल हो जाता है तो यह इंजन राफेल जैसे जेट्स के लिए विकल्प बन सकता है और भारत को 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट्स में बड़ी सफलता मिल सकती है।

अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
क्या है चुनौतियाँ ?
कावेरी इंजन प्रोजेक्ट को अब भी कई तकनीकी और संसाधन संबंधी चुनौतियों का सामना है। इसमें खासतौर पर एयरोथर्मल डायनेमिक्स, सिंगल क्रिस्टल ब्लेड टेक्नोलॉजी, और हाई-एल्टीट्यूड टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी शामिल है। भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए अब ज्यादा निवेश और राजनीतिक इच्छाशक्ति की ज़रूरत है।
कावेरी इंजन प्रोजेक्ट न केवल भारत की रक्षा प्रणाली को मजबूत कर सकता है, बल्कि यह देश के लिए एक प्रौद्योगिकी आत्मनिर्भरता की पहचान बन सकता है। जनता की जागरूकता और सोशल मीडिया पर समर्थन इस बात का संकेत है कि देश अब विदेशी हथियारों की बजाय अपने दम पर खड़ा होना चाहता है। अब सरकार और रक्षा मंत्रालय पर है कि वे इस आवाज़ को सुने और कावेरी इंजन को एक नई उड़ान दें।
Next Story