Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर पहुंचे। मंगलवार सुबह वह गांधीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने भव्य रोड शो किया। इस दौरान आमजन का भारी उत्साह देखने को मिला। रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान को सख्त संदेश दिया और भारत की सैन्य शक्ति का दमदारी से उल्लेख किया।
कांटे को निकालकर रहेंगे: मोदी
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और पाकिस्तान की हरकतों पर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "शरीर कितना ही स्वस्थ क्यों न हो, अगर एक कांटा चुभता है तो पूरा शरीर दुखता है। हमने तय कर लिया है कि उस कांटे को निकालकर ही रहेंगे।" उनका यह बयान स्पष्ट रूप से पाकिस्तान और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) की ओर इशारा करता है।
ईंट का जवाब पत्थर से देंगे :
पीएम मोदी ने अपनी बात को और कड़ा रूप देते हुए कहा, "ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए।" उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि भारत अब पुराने समय वाला नहीं रहा, अब अगर उकसाया गया तो भारत कड़ी और निर्णायक कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा।
सरदार पटेल की बात न मानना देश के लिए नुकसानदायक रहा :
अपने भाषण में मोदी ने इतिहास को भी छुआ और कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की इच्छा थी कि जब तक पीओके वापस नहीं आता, सेना को नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने कहा, "सरदार साहब की बात नहीं मानी गई, और इसके दुष्परिणाम हम आज तक भुगत रहे हैं।"
पाकिस्तान को तीन बार चटाई धूल :
प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान ने कई बार भारत को चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन हर बार उसे करारी हार का सामना करना पड़ा। "भारत की सैन्य शक्ति ने तीनों युद्धों में पाकिस्तान को धूल चटाई है। पाकिस्तान यह समझ गया है कि वह भारत से लड़ाई में जीत नहीं सकता।"
अभी प्रातःकाल Telegram चैनल को Subscribe करें और बनें ₹25,000 के लकी विनर!
देशभक्ति का ज्वार हर कोने में :
गुजरात के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के बाद मोदी ने कहा, "मैं जहां-जहां गया, वहां देशभक्ति का ज्वार उमड़ता दिखा। यह भावना केवल गुजरात तक सीमित नहीं है, बल्कि हर भारतीय के दिल में मातृभूमि के लिए अपार प्रेम है।"
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली यात्रा :
गौरतलब है कि यह प्रधानमंत्री मोदी की ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली गुजरात यात्रा है। इस ऑपरेशन की शुरुआत 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद की गई थी। यह सैन्य अभियान भारत द्वारा आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
रोड शो में उमड़ा जनसैलाब :
गांधीनगर में हुए रोड शो में लोगों ने भारी उत्साह के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। यह प्रधानमंत्री की इस यात्रा का चौथा रोड शो था, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए और “मोदी-मोदी” के नारों से माहौल गूंज उठा।
प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा और उनके सख्त शब्द यह साफ संकेत देते हैं कि भारत अब आतंकवाद और पाकिस्तान की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। उनका यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और देशभक्ति की भावना को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।
Editorial

Editorial

Next Story