✕
जरूरत पड़ी तो खुद को उड़ा देगा! ये है भारत का CATS Warrior
By EditorialPublished on
अब दुश्मन की हवाई सीमा में घुसकर भी रहेगा सुरक्षित भारतीय फाइटर पायलट! भारतीय रक्षा क्षेत्र में एक नई क्रांति लाने जा रहा है CATS Warrior—एक ऐसा स्वायत्त (Autonomous) ड्रोन सिस्टम, जो फाइटर जेट्स से पहले उड़ान भरकर दुश्मन के इलाके में घुसेगा, खतरे का आकलन करेगा और जरूरत पड़ने पर खुद को विस्फोट कर दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर देगा। इसका सबसे बड़ा उद्देश्य है — फाइटर पायलट्स की जान की हिफाज़त और मिशन की 100% सफलता। CATS Warrior को देखकर पाकिस्तान और चीन जैसे दुश्मन देशों की चिंता बढ़ना तय है।

x
ड्रोन युद्ध के क्षेत्र में भारत अब एक नया इतिहास रचने की ओर बढ़ रहा है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा विकसित किया गया CATS Warrior यानी Combat Air Teaming System Warrior आने वाले समय में भारतीय वायुसेना की ताकत कई गुना बढ़ाने जा रहा है। इसे न सिर्फ एक अचूक हथियार माना जा रहा है, बल्कि इसे आधुनिक युद्ध प्रणाली का ‘गेम चेंजर’ भी कहा जा रहा है।
क्या है CATS Warrior ?
CATS Warrior एक अत्याधुनिक स्टील्थ कॉम्बैट ड्रोन है जिसे खास तौर पर भारतीय वायुसेना के LCA तेजस जैसे लड़ाकू विमानों के साथ उड़ने के लिए तैयार किया गया है। यह कोई साधारण UAV (Unmanned Aerial Vehicle) नहीं, बल्कि ऐसा आत्मनिर्भर, घातक और स्मार्ट सिस्टम है जो दुश्मन की हवाई सीमा में घुसकर न सिर्फ जानकारी इकट्ठा कर सकता है, बल्कि जरूरत पड़ने पर हमला भी कर सकता है – और यहां तक कि खुद को भी तबाह कर सकता है।
‘लॉयल विंगमैन’ – फाइटर पायलट का भरोसेमंद साथी :
इस कॉम्बैट ड्रोन को ‘लॉयल विंगमैन’ कहा जा रहा है, क्योंकि यह अपने मदर एयरक्राफ्ट यानी फाइटर जेट के साथ समन्वय में उड़ान भरता है और उससे मिलने वाले निर्देशों पर काम करता है। इसका सबसे अहम उद्देश्य है — फाइटर पायलट की सुरक्षा सुनिश्चित करना। युद्ध के समय यह ड्रोन जेट से आगे उड़ते हुए दुश्मन की लोकेशन, एयर डिफेंस सिस्टम और बैटलफील्ड की स्थिति की जानकारी पहले से उपलब्ध करवा देता है। इससे पायलट को न सिर्फ रणनीतिक लाभ मिलता है, बल्कि जान का खतरा भी कम होता है।
खतरनाक हथियारों से लैस :
CATS Warrior को हवा से हवा में मार करने वाली दो मिसाइलों और दो स्मार्ट एंटी-एयरफील्ड वेपन्स (हवा से जमीन पर मार करने वाले हथियार) से लैस किया जा सकता है। यह दुश्मन की सीमा में गहराई तक जाकर स्ट्राइक कर सकता है और मिशन पूरा करने के बाद वापस लौट सकता है — या फिर कामिकाज़े मोड में खुद को विस्फोट कर दुश्मन के अड्डों को तबाह भी कर सकता है।
9000 मीटर ऊंचाई और 300 किलोमीटर एक्शन रेडियस :
HAL के अनुसार, यह ड्रोन करीब दो टन वजनी है और 9000 मीटर की ऊंचाई तक उड़ान भर सकता है। इसकी ऑपरेशनल रेंज करीब 300 किलोमीटर है, जो इसे किसी भी बड़े मिशन को अंजाम देने के लिए पूरी तरह सक्षम बनाती है। इसका डिज़ाइन स्टील्थ तकनीक पर आधारित है, जिससे यह रडार की पकड़ में भी नहीं आता।
ऑपरेशन सिंदूर और भविष्य की रणनीति :
हाल ही में भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों को स्टैंड-ऑफ हथियारों से निशाना बनाया था। ऐसे ऑपरेशनों में फाइटर जेट को दुश्मन की सीमा में प्रवेश नहीं करना पड़ता, लेकिन फिर भी खतरा बना रहता है। CATS Warrior जैसे ड्रोन्स इन मिशनों को और अधिक सुरक्षित और सटीक बना सकते हैं।
2019 की बालाकोट एयर स्ट्राइक और विंग कमांडर अभिनंदन की डॉगफाइट जैसी घटनाएं यह दिखा चुकी हैं कि दुश्मन की सीमा में जाने पर फाइटर पायलट हमेशा खतरे में रहते हैं। CATS Warrior के आने से ऐसी रिस्क भरी परिस्थितियों में मानवीय नुकसान को कम किया जा सकेगा।
ड्रोन युद्ध का नया अध्याय :
डिफेंस प्रोडक्शन विभाग और HAL दोनों ही इस प्रणाली को भारत की ड्रोन वॉरफेयर कैपेबिलिटी में ऐतिहासिक छलांग मान रहे हैं। आने वाले समय में CATS Warrior जैसे ड्रोन्स से लैस भारतीय वायुसेना को न सिर्फ आधुनिक युद्ध तकनीक मिलेगी, बल्कि दुश्मन देशों की हवाई रणनीति को भी पलटने की ताकत मिल जाएगी।
CATS Warrior एक ऐसा आत्मघाती योद्धा है, जो दुश्मन की सीमा में घुसकर उनके लिए मौत का पैगाम बन सकता है – और वो भी बिना किसी पायलट की जान जोखिम में डाले। यह सिर्फ एक ड्रोन नहीं, बल्कि भारत की हवाई शक्ति में एक क्रांतिकारी बदलाव है। पाकिस्तान और चीन जैसे देशों के लिए यह एक कड़ा संदेश है कि भारत अब सिर्फ जवाब नहीं देगा, बल्कि पहले से तैयार बैठा है – और दुश्मन की हर हरकत पर आसमान से नजर रखेगा।
यह भी पढे :

Editorial
Next Story
Related News
X
