✕
गर्लफ्रेंड की बात पर हिली सियासत; ऐश्वर्या का हमला तेज!
By EditorialPublished on
तेजप्रताप यादव की पत्नी ऐश्वर्या राय ने एक बार फिर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए लालू परिवार पर सीधा हमला बोला है। ऐश्वर्या ने सवाल उठाया कि जब सभी को तेजप्रताप के बारे में सब कुछ पहले से पता था, तो फिर उनसे शादी क्यों करवाई गई? उन्होंने अपने दर्द को बयां करते हुए कहा, “मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई?” ऐश्वर्या ने पूरे मामले को चुनावी ड्रामा बताते हुए कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक दिखावे का हिस्सा है।

x

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला न केवल राजनीतिक बल्कि निजी भी है। हाल ही में तेजप्रताप यादव की कथित गर्लफ्रेंड को लेकर चर्चा ने जोर पकड़ा, जिसके बाद अब उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय सामने आई हैं और उन्होंने तेजप्रताप यादव और पूरे लालू परिवार पर बड़ा हमला बोला है। सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐश्वर्या ने खुलकर अपना दर्द बयां किया और कई तीखे सवाल दागे।
"जब सबको पता था, तो मेरी शादी क्यों करवाई गई?"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऐश्वर्या राय ने भावुक होते हुए कहा, "जब सबको तेजप्रताप यादव के बारे में पहले से सब कुछ पता था, तो मेरी शादी क्यों करवाई गई? मेरी जिंदगी क्यों बर्बाद की गई?" उन्होंने आरोप लगाया कि ये पूरा मामला चुनाव से पहले ड्रामा है और उन्हें एक राजनीतिक मोहरे की तरह इस्तेमाल किया गया।
"सब मिले हुए हैं, ये सिर्फ ड्रामा है" :
ऐश्वर्या ने दावा किया कि तेजप्रताप को पार्टी या परिवार से बाहर निकाले जाने की खबरें केवल दिखावा हैं। उन्होंने कहा, "हमको सब मीडिया से पता चला है। कोई अलग-अलग नहीं है। सब मिले हुए हैं। राबड़ी देवी कल भी गई होंगी और बोली होंगी कि परेशान न हो, चुनाव हो जाए तो हम सब ठीक कर देंगे। ये सब सिर्फ दिखावे के लिए किया जा रहा है ताकि लोगों को लगे कि न्याय हो रहा है। लेकिन असल में मेरे लिए कोई न्याय नहीं है।"
“मुझे मारा गया, मेरा क्या होगा?”
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए ऐश्वर्या ने सवाल उठाया कि जब उन्हें प्रताड़ित किया गया, तो न्याय कहां गया? उन्होंने कहा, "जब मुझे मारा गया, तब कोई सामने नहीं आया। मेरी आवाज क्यों नहीं सुनी गई? क्या मेरी जिंदगी की कोई कीमत नहीं है? सामाजिक न्याय की बात करने वालों को जवाब देना होगा कि मेरा न्याय कहां है?"
“अब हमें नहीं, उन्हें जवाब देना होगा”
ऐश्वर्या राय ने यह भी साफ किया कि अब वक्त आ गया है कि लालू परिवार जनता के सामने जवाबदेह बने। उन्होंने कहा, "अब हमें जवाब नहीं देना है, अब उन्हें देना होगा। हम तो पहले दिन से ही लड़ रहे हैं। लेकिन ये लोग ड्रामा करते आ रहे हैं।"
"12 साल की बात है? तो पहले क्यों नहीं बताया?"
तेजप्रताप यादव की कथित गर्लफ्रेंड के बारे में पूछे गए सवाल पर ऐश्वर्या ने तंज कसते हुए कहा, "जब ये सब 12 साल से चल रहा था, तो क्या ये बात मुझसे छुपाकर मेरी शादी कराना ठीक था? क्या मेरा कोई भविष्य नहीं है? मुझे इंसाफ चाहिए, सहानुभूति नहीं।"
तेजप्रताप यादव और लालू परिवार पर बढ़ता दबाव :
इस बयानबाज़ी के बाद लालू परिवार पर दबाव बढ़ता जा रहा है। तेजप्रताप यादव पहले भी अपने बयानों और बर्ताव को लेकर विवादों में रहे हैं, लेकिन इस बार मामला घरेलू हिंसा, झूठी शादी और राजनीतिक ड्रामे से जुड़ गया है। वहीं, आरजेडी की ओर से इस पर अब तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
ऐश्वर्या राय के इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ये साफ हो गया है कि मामला यहीं नहीं रुकने वाला। उन्होंने न्याय के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखने का संकेत दिया है। अब देखना ये होगा कि तेजप्रताप यादव और लालू परिवार इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं।

Editorial
Next Story
Related News
X
