mumbai
मुंबई। फडणवीस मंत्रिमंडल में नए मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले राकांपा के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी से मंत्री रहे धनंजय मुंडे को क्लीनचिट मिल जाती है, तो वह त्यागपत्र दे देंगे। भुजबल को धनंजय मुंडे के त्यागपत्र से खाली हुई सीट पर ही मंत्री बनाया गया है। छगन भुजबल महाराष्ट्र में ओबीसी समाज के बड़े नेता हैं। 1999 से जब-जब उनकी पार्टी राकांपा सत्ता में रही, वह तब-तब मंत्री रहे हैं। दो बार उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अगर धनंजय मुंडे को मंत्रिमंडल में शामिल करने का निर्णय लिया जाता है, तो मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी। मुझे मंत्रिमंडल में सम्मान के साथ पुन: शामिल किया गया है, मैं इससे संतुष्ट हूं। अगर मुंडे सारे विवादों से मुक्त हो जाते हैं, तो मैं अपने पद से त्यागपत्र दे दूंगा। वहीं, यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें मंत्री बनाए जाने से पहले यह शर्त रखी गई है, भुजबल ने कहा कि ऐसी कोई चर्चा हो या न हो, त्यागपत्र का निर्णय तो मुझे लेना है।
Next Story