✕
दिल्ली विश्वविद्यालय में राहुल गांधी के दौरे पर विवाद।
By EditorialPublished on
दिल्ली विश्वविद्यालय में राहुल गांधी के दौरे पर विवाद।प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताकर डीयू ने जताई आपत्ति, कार्रवाई की चेतावनी। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तरी परिसर के अघोषित दौरे पर आपत्ति जताई

x
दिल्ली विश्वविद्यालय में राहुल गांधी के दौरे पर विवाद।
प्रोटोकॉल का उल्लंघन बताकर डीयू ने जताई आपत्ति, कार्रवाई की चेतावनी।

दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तरी परिसर के अघोषित दौरे पर आपत्ति जताई है। डीयू ने इसे संस्थागत प्रोटोकॉल का उल्लंघन और छात्र प्रशासन कार्यों में व्यवधान बताया है। प्रॉक्टर कार्यालय ने अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी ने ऐसा दौरा दूसरी बार किया है, जिसमें उन्होंने बिना किसी सूचना के डीयू का दौरा किया।
राहुल गांधी ने अपने दौरे के दौरान डीयू के उत्तरी परिसर में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधित्व, समानता और शैक्षणिक न्याय जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। हालांकि, डीयू ने इस दौरे की निंदा की और कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
डीयू के आरोपों पर डूसू अध्यक्ष का पलटवार
डूसू अध्यक्ष रौनक खत्री ने डीयू के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि ऐसा कोई नियम नहीं है जिसके तहत छात्रसंघ प्रमुख को निजी अतिथि की मेजबानी के लिए अनुमति लेने की जरूरत हो। खत्री ने कहा कि यह दौरा शांतिपूर्ण तरीके से और केवल डूसू कार्यालय के परिसर में आयोजित किया गया था, जहां वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के विधिवत निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में किसी भी अतिथि को आमंत्रित करने का पूरी तरह से हकदार हैं।
एबीवीपी ने भी की यात्रा की आलोचना
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी राहुल गांधी की यात्रा की आलोचना की है। एबीवीपी ने कहा कि कांग्रेस नेता का दौरा वास्तव में विद्यार्थियों से जुड़ने के बजाय महज फोटो खिंचवाने के लिए था। एबीवीपी ने दावा किया कि इस कार्यक्रम के दौरान उसके प्रतिनिधियों को दरकिनार कर दिया गया था।
दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी
डीयू ने दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। प्रॉक्टर कार्यालय ने कहा कि इसमें शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीयू ने कहा कि वह ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएगा।
पिछले हफ्ते भी हुआ था विवाद
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते भी राहुल गांधी का एक कार्यक्रम विवादों में आया था। बिहार के दरभंगा जिले में आंबेडकर छात्रावास में आयोजित 'शिक्षा न्याय संवाद' कार्यक्रम के कारण उनके और राज्य में कांग्रेस के 100 से ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।

Editorial
Next Story
Related News
X
