पहलगाम पर चुप्पी; सुनील शेट्टी बोले- कुछ स्टार्स डरते हैं
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्से और दुख का माहौल है। आम जनता से लेकर राजनीतिक गलियारों तक प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, लेकिन एक बार फिर बॉलीवुड की चुप्पी पर सवाल उठने लगे हैं। इस मुद्दे पर कई बार बॉलीवुड की भूमिका और जिम्मेदारी को लेकर बहस होती रही है, और इस बार भी ज्यादातर सेलेब्स ने इस हमले पर चुप्पी साधे रखी, जबकि सोशल मीडिया पर लोग फिल्म इंडस्ट्री की चुप्पी पर तीखा विरोध जता रहे हैं।
हालांकि, इस मुद्दे पर अब बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सुनील शेट्टी ने खुलकर अपनी बात रखी है। अपनी अपकमिंग फिल्म ‘केसरी वीर: लीजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ के प्रमोशन के दौरान एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी से पूछा गया कि बॉलीवुड इस आतंकी हमले के बाद खामोश क्यों है?
इस पर सुनील शेट्टी ने दो टूक कहा कि, “बहुत सारे लोग माहौल और सोशल मीडिया ट्रोलिंग से डरकर कुछ नहीं बोलते। उनकी अभिव्यक्ति फिल्मों के जरिए होती है। वो लोग अपनी बात फिल्मों में कहते हैं, वहीं उनका नैरेटिव सामने आता है।”
"हर बार बॉलीवुड को ही क्यों टारगेट करते हैं?"
सुनील शेट्टी ने यह भी कहा कि हर बार किसी मुद्दे पर बॉलीवुड को ही टारगेट किया जाना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, "हमेशा बॉलीवुड क्यों? ड्रग्स का मामला हो, या कोई दूसरा मुद्दा हो, सबसे पहले बॉलीवुड को ही घसीटा जाता है। इससे डर बैठ गया है। लोग सोचते हैं कि अगर बोलेंगे तो उल्टा जवाब मिलेगा या ट्रोलिंग होगी।"
उन्होंने आगे कहा, “हमारे एक्टर्स को कॉन्फिडेंस देना होगा कि वो आगे आएं और खुलकर अपनी बात कहें। आज अगर मैं बोलता हूं तो मुझे गालियां मिलती हैं, मेरी टाइमलाइन पर ट्रोल्स की बाढ़ आ जाती है।”
"मैं उसी दिन बोला था जब हमला हुआ था"
सुनील शेट्टी ने बताया कि उन्होंने पहलगाम हमले वाले दिन ही अपनी बात सोशल मीडिया पर रखी थी। उन्होंने कहा, “जिस दिन हमला हुआ, मैंने उसी दिन अपनी फीलिंग शेयर की। मैं जो सोचता हूं, वही करता हूं। मेरी फिल्में भी उसी सोच को दर्शाती हैं।”
“हम किरदार निभाते हैं, लेकिन वो बड़ी जिम्मेदारी होती है”
अपनी फिल्म ‘केसरी वीर’ पर बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा, “हम फिल्म में वीरों के किरदार निभाते हैं, लेकिन हमें ये भी समझना होता है कि हम सिर्फ उन्हें डिपेक्ट कर रहे हैं। यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसलिए डर भी लगता है कि कहीं हम उन्हें गलत तरीके से न पेश कर दें।”
उन्होंने कहा, “अगर आप देखें तो बॉलीवुड ने हमेशा देशभक्ति और वीरता की कहानियों को दिखाया है। हमारी फिल्में जैसे 'बॉर्डर', 'उरी', 'शेरशाह', या अब 'केसरी वीर'— ये सब हमारी इंडस्ट्री की देन हैं। तो नैरेटिव हम भी आगे बढ़ाते हैं, बस तरीका अलग होता है।”
बॉलीवुड के कुछ सितारों ने रखी थी राय, लेकिन पाकिस्तान का नाम नहीं लिया
पहलगाम हमले के बाद कुछ बॉलीवुड सितारों ने सोशल मीडिया पर दुख जताया, लेकिन ज्यादातर ने पाकिस्तान या आतंकियों का नाम लेने से परहेज किया। इस बात को लेकर सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई। लोगों ने सवाल उठाया कि जब देश संकट में होता है, तो जिन हस्तियों से जनता मार्गदर्शन और समर्थन की उम्मीद करती है, वे क्यों चुप रह जाती हैं?
‘केसरी वीर’ से फिर जागेगी वीरता की भावना :
सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘केसरी वीर: लीजेंड्स ऑफ सोमनाथ’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। यह फिल्म सोमनाथ मंदिर की रक्षा के लिए लड़ने वाले गुमनाम योद्धाओं की सच्ची कहानी पर आधारित है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर आक्रमणकारियों को रोका था।
फिल्म में सुनील शेट्टी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि सूरज पंचोली और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदार निभा रहे हैं। विवेक फिल्म में खलनायक की भूमिका में हैं। यह फिल्म 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और उम्मीद की जा रही है कि यह दर्शकों के दिलों में देशभक्ति की भावना फिर से प्रबल करेगी।
सुनील शेट्टी का यह बयान सिर्फ एक कलाकार की राय नहीं, बल्कि बॉलीवुड की उस चिंता और डर को भी दर्शाता है, जो सोशल मीडिया और राजनीतिक दबाव के कारण कलाकारों के मन में बैठ गया है। अब देखना यह होगा कि उनके इस साहसिक बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री से और कौन-कौन खुलकर सामने आता है।
Editorial

Editorial

Next Story