✕
भारत की Digital Strike ; अब PAK PM भी आए चपेट में
By EditorialPublished on
क्रिकेटर्स और फिल्मी सितारों के बाद अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी भारत की साइबर कार्रवाई की ज़द में आ गए हैं। भारत सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहबाज शरीफ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को देश में ब्लॉक कर दिया है। यह कदम पाकिस्तान के सोशल मीडिया प्रोपेगेंडा के खिलाफ भारत की सख्त नीति को दर्शाता है।
_202505021809246171.jpg)
x
5/2/2025 6:09:49 PM
पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का माहौल और गहराता जा रहा है। इस बीच केंद्र सरकार ने एक बड़ा डिजिटल कदम उठाते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को भारत में ब्लॉक कर दिया है। यही नहीं, राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, पीएमएल-एन नेता मरयम नवाज, पीपीपी प्रमुख बिलावल भुट्टो समेत कई पाकिस्तानी नेताओं और मंत्रियों के इंस्टाग्राम अकाउंट्स भी भारत में प्रतिबंधित कर दिए गए हैं।
पाकिस्तानी क्रिकेटर्स पर भी गिरा डिजिटल हथौड़ा :
पहले डिजिटल स्ट्राइक केवल पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों तक सीमित थी, लेकिन अब यह दायरा बढ़ाकर खिलाड़ियों और हस्तियों तक पहुंच गया है। शुक्रवार, 2 मई को भारत सरकार ने पाकिस्तानी क्रिकेट सितारे बाबर आजम, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, मोहम्मद रिजवान, हैरिस रऊफ, मोहम्मद आमिर और इमाम-उल-हक के इंस्टाग्राम अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया।
16 यूट्यूब चैनलों पर पहले ही लग चुका है बैन :
भारत सरकार का यह कड़ा कदम उस समय आया है जब हाल ही में 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया गया था। ये चैनल भारत की सेना, सुरक्षा एजेंसियों और सरकार के खिलाफ भ्रामक, भड़काऊ और सांप्रदायिक वीडियो अपलोड कर रहे थे। इनमें पाकिस्तानी मीडिया हाउस जैसे डॉन, एआरवाई न्यूज, समा टीवी, जियो न्यूज, बोल न्यूज और सुनो न्यूज भी शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, पाकिस्तानी पत्रकार जैसे इरशाद भट्टी, असमा शिराजी, उमर चीमा और मुनीब फारूक के यूट्यूब चैनल भी भारत में ब्लॉक कर दिए गए हैं। अन्य प्रभावित चैनलों में द पाकिस्तान रेफरेंस, समा स्पोर्ट्स, उजैर क्रिकेट और राजी नामा भी शामिल हैं।
भारत का सख्त संदेश: “भ्रामक प्रचार बर्दाश्त नहीं” :
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, यह फैसला भारत की संप्रभुता, अखंडता और आंतरिक शांति को प्रभावित करने वाले दुष्प्रचार को रोकने के लिए लिया गया है। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह डिजिटल माध्यम से भारत-विरोधी एजेंडा फैलाने वाले किसी भी तत्व को बख्शने वाला नहीं है।
मोदी और शाह ने दिया सख्त संदेश :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम हमले को कायराना बताया और कहा कि आतंकियों और उनके पनाहगारों को "कल्पना से भी बड़ी सजा" दी जाएगी। गृहमंत्री अमित शाह ने भी बयान दिया कि भारत आतंकियों को "चुन-चुन कर" मारेगा।
पाकिस्तान की प्रतिक्रिया: भारतीय गानों का प्रसारण बंद :
भारत की डिजिटल कार्रवाई के बीच पाकिस्तान ने भी एक प्रतीकात्मक जवाबी कदम उठाया है। 1 अप्रैल 2025 से पाकिस्तान के एफएम रेडियो स्टेशनों ने भारतीय गानों का प्रसारण रोक दिया है। गौरतलब है कि लता मंगेशकर, किशोर कुमार, मोहम्मद रफी और मुकेश जैसे महान भारतीय गायकों के गीत पाकिस्तान में बेहद लोकप्रिय रहे हैं। भारत की यह डिजिटल स्ट्राइक न केवल एक साइबर मोर्चे पर सख्त कदम है, बल्कि यह पाकिस्तान को यह संदेश देने की एक रणनीतिक पहल भी है कि भारत अब हर मोर्चे पर सख्ती से जवाब देगा चाहे वो सीमा हो या स्क्रीन।

Editorial
Next Story
Related News
X
