कियोसाकी का दावा; जल्द आएगा वैश्विक आर्थिक तूफान
‘Rich Dad Poor Dad’ के मशहूर लेखक और निवेश विशेषज्ञ रॉबर्ट कियोसाकी ने एक बार फिर विश्व आर्थिक व्यवस्था को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि दुनिया एक गहरे और भयंकर आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रही है, जो अब तक के सभी संकटों से कहीं बड़ा होगा। खास बात यह है कि इस बार शायद सेंट्रल बैंक भी खुद को बचा पाने में नाकाम रहेंगे।
सेंट्रल बैंक डूबे तो किस पर निर्भर रहेगा सिस्टम ?
कियोसाकी ने अपनी इस चेतावनी को X (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए जाहिर किया। उन्होंने याद दिलाया कि 1998 में LTCM नामक एक बड़ा हेज फंड जब डूबा था, तो वॉल स्ट्रीट ने उसे बचाया था। इसके बाद जब वॉल स्ट्रीट संकट में आया, तो सेंट्रल बैंक आगे आए और उसकी मदद की। लेकिन अब उनका सवाल है, "जब खुद सेंट्रल बैंक ही डूबेंगे, तो उन्हें कौन बचाएगा?" यह सवाल वित्तीय दुनिया में गहरे संकट की गूँज बन गया है।
संकट की जड़ें 1971 तक :
कियोसाकी का मानना है कि यह संकट अचानक नहीं आया है, बल्कि इसकी जड़ें 1971 में हैं, जब अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने डॉलर को गोल्ड स्टैंडर्ड से हटा दिया था। इसके बाद से डॉलर के मूल्य को किसी ठोस संपत्ति से जोड़ना बंद हो गया और कागज़ी मुद्रा यानी फिएट मनी का दौर शुरू हुआ। कियोसाकी बताते हैं, "हर बार आर्थिक संकट आता है, लेकिन कभी असली समस्या हल नहीं होती, इसलिए हर अगला संकट पिछले से बड़ा होता है।"
स्टूडेंट लोन डिफॉल्ट से शुरू होगा अगला बड़ा झटका :
कियोसाकी ने फाइनेंशियल एक्सपर्ट जिम रिकर्ड्स के हवाले से कहा कि अगला बड़ा आर्थिक संकट 1.6 ट्रिलियन डॉलर के स्टूडेंट लोन डिफॉल्ट (अधूरा भुगतान) से शुरू हो सकता है। यह एक बहुत बड़ा संकट होगा, जिससे आम आदमी की जेब पर भी गंभीर असर पड़ेगा। कियोसाकी ने साफ कहा, "अब आपको खुद को खुद ही बचाना होगा, कोई और नहीं आएगा।"
नकली पैसे से नहीं, असली संपत्ति में करें निवेश :
रॉबर्ट कियोसाकी ने फिएट मनी पर भरोसा करने को बेवकूफी बताया है। उन्होंने अपनी बेस्टसेलर किताब ‘Rich Dad Poor Dad’ की बात दोहराई, जहां वे कहते हैं, “अमीर पैसे के लिए काम नहीं करते,” और “सिर्फ सेविंग करने वाले लोग लूज़र होते हैं।” उन्होंने लोगों को गोल्ड, सिल्वर और बिटकॉइन जैसी असली और ठोस संपत्तियों में निवेश करने की सलाह दी, क्योंकि ये मुद्राएं फिएट मनी की तुलना में ज्यादा भरोसेमंद हैं।
कियोसाकी ने यह भी कहा कि 2012 में प्रकाशित उनकी किताब ‘Rich Dad’s Prophecy’ में भविष्यवाणी की गई आर्थिक तबाही अब वास्तविकता में बदल रही है।
सबसे बड़ा सवाल: जब बैंक खुद फेल होंगे, तो आप किस पर भरोसा करेंगे ?
अंत में कियोसाकी ने एक तीखा सवाल उठाया, जो हर निवेशक और आम आदमी के लिए चुनौती बन गया है: "जब बैंकों को कोई नहीं बचा पाएगा, तो आपको कौन बचाएगा?" यह सवाल अब सिर्फ वित्तीय विशेषज्ञों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आम जनता के लिए भी चिंता का विषय बन चुका है।
रॉबर्ट कियोसाकी की यह चेतावनी वैश्विक आर्थिक व्यवस्था की नाजुकता को उजागर करती है। यह वक्त है सतर्क होने का, अपने निवेश के तरीके पर पुनर्विचार करने का और वित्तीय सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने का। अगर सही समय पर सावधानी न बरती गई, तो आने वाला आर्थिक संकट इतिहास का सबसे भयानक हो सकता है।
Next Story