✕
'फौज को सराहा, मुसलमानों को क्यों भुला दिया?'-अबू आज़मी
By EditorialPublished on
समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आज़मी ने एक बार फिर बड़ा बयान देकर सियासी हलचल मचा दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में मुसलमानों को लगातार टारगेट किया जा रहा है। अबू आज़मी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि उन्हें सामने आकर यह कहना चाहिए कि भारत के मुसलमान आतंकवाद के खिलाफ हैं और उन्होंने हमेशा देश का समर्थन किया है। विधायक के इस बयान ने राजनीतिक बहस को नया मोड़ दे दिया है।

x
समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ विधायक अबू आज़मी ने एक बार फिर अपने बयान से सियासी हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा है कि देश के मुसलमानों को रोजाना धर्म के आधार पर टारगेट किया जा रहा है और उनके साथ अन्याय हो रहा है। अबू आज़मी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे सामने आकर यह स्पष्ट करें कि देश के मुसलमान आतंकवाद के खिलाफ हैं और उन्होंने हमेशा भारत का समर्थन किया है।
अबू आज़मी ने कहा, "देश के 140 करोड़ लोग आतंकवाद के खिलाफ हैं। सभी ने भारतीय सेना की सराहना की है। लेकिन जो समस्याएं अंदरूनी स्तर पर हैं, उन पर भी ध्यान देना चाहिए। रोज़ाना मुसलमानों से उनका धर्म पूछकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। कर्नल सोफिया कुरैशी जैसे देशभक्त मुसलमानों पर भी अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं।"
उन्होंने दावा किया कि अब तक कम से कम 200 ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिनमें आम मुसलमानों को केवल उनकी पहचान के कारण निशाना बनाया गया है। उन्होंने विशेष तौर पर कश्मीर के मुसलमानों की तारीफ करते हुए कहा, "कश्मीर के लोगों ने अपने घरों के दरवाज़े टूरिस्ट्स के लिए खोल दिए। उन्होंने दिल खोलकर देश का साथ दिया, लेकिन फिर भी कुछ लोग ऐसे हैं जो लगातार मुसलमानों को संदेह की निगाह से देख रहे हैं।"
अबू आज़मी ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए कहा, "आप कम से कम बोलिए कि इस देश के मुसलमानों ने आतंकवाद के खिलाफ खुलकर आपका साथ दिया है। इससे एक बड़ा संदेश जाएगा और देश में एकता और विश्वास का माहौल बनेगा।"
विधायक ने आगे कहा कि देश की सीमाओं पर जब युद्ध जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होती हैं, तब राजनीति से ऊपर उठकर सेना और राष्ट्र के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा, "विदेश मंत्री एस जयशंकर और राहुल गांधी के बीच जो भी बयानबाज़ी हुई हो, इस समय उसकी बजाय देश की सुरक्षा और एकता पर ध्यान देना जरूरी है।"
अबू आज़मी ने देशवासियों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक विचारधारा से जुड़े हों, लेकिन ऐसे समय में सुरक्षाबलों का मनोबल बनाए रखना और एकजुट रहना ही सबसे बड़ी देशभक्ति है।

Editorial
Next Story
Related News
X
