भारत के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को भुज एयरबेस पहुंचकर भारतीय वायुसेना के जवानों से मुलाकात की और उन्हें ऑपरेशन सिंदूर में निभाई गई अहम भूमिका के लिए सराहा। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को स्पष्ट और कड़ा संदेश देते हुए कहा कि "ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, समय आने पर पूरी पिक्चर दिखाई जाएगी।"
भारतीय वायुसेना की सराहना :
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना की क्षमता अब दुनिया के सामने खुलकर आ चुकी है। उन्होंने गर्व के साथ कहा, "यह कोई छोटी बात नहीं है कि हमारी एयरफोर्स की पहुँच अब पाकिस्तान के हर कोने तक है।" उन्होंने यह भी जोड़ा कि भारत के फाइटर जेट अब सीमा पार किए बिना भी दुश्मन के ठिकानों को निशाना बना सकते हैं।
ऑपरेशन सिंदूर का असर :
हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए भारी नुकसान पहुंचाया था। इस जवाबी कार्रवाई में भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान के 5 एयरक्राफ्ट मार गिराए, जिसमें 2 फाइटर जेट भी शामिल थे। इस ऑपरेशन को भारतीय सुरक्षा बलों की अब तक की सबसे सफल रणनीतिक कार्रवाई में से एक माना जा रहा है।
डीआरडीओ और ब्रह्मोस की तारीफ :
रक्षामंत्री ने भारत के रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की जमकर तारीफ की और कहा कि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम की मजबूती में ‘आकाश’ मिसाइल सिस्टम और अन्य राडार टेक्नोलॉजी का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा, "ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत को पाकिस्तान ने खुद स्वीकार किया है। यह मिसाइल रात के अंधेरे में दुश्मन को दिन का उजाला दिखा देती है।"
पाकिस्तान को दो टूक संदेश :
राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को चेतावनी भरे लहजे में कहा, "अब भारत सिर्फ चेतावनी नहीं देता, कार्रवाई करता है।" उन्होंने कहा कि भारतीय सेना और वायुसेना हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं और दुश्मन को करारा जवाब देने में सक्षम हैं। भुज से आया यह संदेश न सिर्फ पाकिस्तान के लिए सख्त चेतावनी है, बल्कि यह भारत की सैन्य शक्ति और आत्मनिर्भरता का भी ऐलान है। रक्षामंत्री के शब्दों में झलकती आत्मविश्वास भरी चेतावनी ने स्पष्ट कर दिया है कि भारत अब नया भारत है – निर्णायक, सशक्त और सजग।
यह भी पढे :
Editorial

Editorial

Next Story