मिचेल स्टार्क अकेले नहीं; ये दिग्गज भी IPL से नदारद!
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के चलते कुछ समय के लिए स्थगित किए गए IPL 2025 की एक बार फिर से धमाकेदार वापसी होने जा रही है। हालात अब सामान्य हो चुके हैं और टूर्नामेंट दोबारा शुरू हो रहा है। हालांकि, इस वापसी में कुछ कड़वाहट भी है—कई विदेशी खिलाड़ी अब भारत लौटने को तैयार नहीं हैं, जिससे टीमों को प्लेऑफ से ठीक पहले बड़े झटके लगे हैं।
स्टार्क नहीं लौटेंगे, दिल्ली की मुश्किल बढ़ी:
दिल्ली कैपिटल्स के स्टार तेज़ गेंदबाज़ मिचेल स्टार्क भारत नहीं लौट रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की नेशनल ड्यूटी और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की तैयारी को ध्यान में रखते हुए स्टार्क ने IPL से नाम वापस ले लिया है। दिल्ली की टीम प्लेऑफ की कगार पर है, ऐसे में स्टार्क की गैरमौजूदगी टीम की रणनीति पर असर डाल सकती है।
DC को एक और झटका – फ्रेजर-मैक्गर्क भी नहीं लौटेंगे :
दिल्ली को दूसरा झटका तब लगा जब विस्फोटक बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैक्गर्क ने भी भारत लौटने से मना कर दिया। उनकी जगह बांग्लादेशी तेज गेंदबाज़ मुस्तफिजुर रहमान को टीम में शामिल किया गया है, जो दो साल बाद आईपीएल में वापसी कर रहे हैं।
पंजाब किंग्स भी परेशान – इंग्लिस और फर्ग्यूसन बाहर :
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज जॉस इंग्लिस भी भारत वापस नहीं आ रहे हैं। इसके अलावा टीम के तेज गेंदबाज़ लॉकी फर्ग्यूसन चोट के चलते बाहर हो गए हैं। उनकी जगह न्यूजीलैंड के ही काइल जैमीसन को 2 करोड़ रुपये में शामिल किया गया है।
गुजरात और लखनऊ में भी रिप्लेसमेंट की हलचल :
गुजरात टाइटंस की टीम भले ही पॉइंट्स टेबल में टॉप पर हो, लेकिन टीम को बड़ा झटका लगा है – इंग्लैंड के ओपनर जॉस बटलर 26 मई के बाद से उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह श्रीलंका के कुशल मेंडिस को 75 लाख रुपये में टीम में लाया गया है। इसी तरह, लखनऊ सुपर जायंट्स के उभरते हुए तेज गेंदबाज़ मयंक यादव पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह न्यूजीलैंड के विल ओ’रूर्के को शामिल किया गया है।
IPL 2025 की वापसी भले ही रोमांचक हो, लेकिन विदेशी खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी कई टीमों के लिए चिंता का सबब बन गई है। अब देखना होगा कि ये नए रिप्लेसमेंट खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से कितना असर डाल पाते हैं और कौन सी टीम फाइनल की रेस में सबसे आगे निकलती है।
Next Story