बिना अनुमति पहुंचे राहुल,अंबेडकर छात्रावास से PM मोदी को घेरा
5/15/20251:16:04 PM
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी गुरुवार को बिहार के दरभंगा पहुंचे, जहां उन्होंने अंबेडकर छात्रावास में छात्रों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। प्रशासन की ओर से उन्हें कार्यक्रम की इजाजत नहीं दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद राहुल गांधी पैदल मार्च करते हुए छात्रावास पहुंचे और जमकर सरकार पर निशाना साधा।
"कोई शक्ति रोक नहीं सकती है" : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा, "मुझे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन मैं पीछे के रास्ते से आ गया। कोई शक्ति मुझे रोक नहीं सकती है।" उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा और आदिवासी वर्ग के साथ देशभर में 24 घंटे अन्याय और अत्याचार हो रहा है। "आपको दबाया जाता है, शिक्षा के सिस्टम में रोका जाता है, पेपर लीक कराए जाते हैं।"
जाति जनगणना पर मोदी सरकार को घेरा :
राहुल गांधी ने जाति जनगणना के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरते हुए कहा, "हमने मोदी जी से साफ कह दिया कि आपको जाति जनगणना करानी पड़ेगी। संविधान को माथे पर लगाना पड़ेगा। डरकर उन्होंने इसकी इजाजत दी। ये सरकार अडानी-अंबानी की है, आपकी नहीं।"
तीन बड़ी मांगे रखीं :
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में तीन अहम मांगों को भी दोहराया:
  1. जाति जनगणना सही तरीके से कराई जाए, जैसे तेलंगाना में की गई।
  2. प्राइवेट कॉलेज और यूनिवर्सिटी में आरक्षण लागू हो, जैसा कानून में है।
  3. आरक्षण से जुड़े नियमों को सख्ती से लागू कराने के लिए केंद्र पर दबाव बनाया जाए।

राजनीतिक हलचल तेज :
राहुल गांधी के इस दौरे और बयानों ने बिहार की सियासत में हलचल मचा दी है। कांग्रेस समर्थकों ने इसे 'जनता की आवाज' बताया, वहीं भाजपा ने राहुल के कार्यक्रम को 'सियासी स्टंट' कहा है। प्रशासनिक रोक के बावजूद राहुल गांधी का छात्रावास पहुंचना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Next Story