mumbai
मुंबई। कांदिवली पश्चिम के कस्तूरबा क्रॉस रोड स्थित साफल्य बिल्डिंग में एक बड़ी चोरी टल गई। एक चोर ने एक घर में घुसकर नकली आभूषण चुरा लिए, जबकि लाखों रुपये के असली स्वर्णाभूषण सुरक्षित डिब्बों में बंद रह गए। यह घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोरी के शिकार तुषार रमेश धारोड (44), उनकी पत्नी जिनल, 14 वर्षीय बेटा और मां हेमलता के साथ दूसरी मंजिल पर रहते हैं। तुषार ने बताया कि रात 2 बजे जब वह पत्नी और बेटे के साथ कमरे में सो रहे थे, मां हेमलता हॉल में सो रही थीं। हॉल की खिड़की का ग्रिल उन्होंने बंद नहीं किया था। चोर ने केबल वायर के सहारे ऊपर चढ़कर खिड़की से घर में प्रवेश किया।
चोर ने अलमारी खोलकर नकली आभूषण और 500 रुपये कीमत की बच्चे की स्मार्टवॉच चुराई, जबकि असली स्वर्णाभूषणों का डब्बा और महंगी स्मार्टवॉच छोड़ दी। तुषार की पत्नी ने पारिवारिक मैचिंग के लिए नकली आभूषणों का सेट खरीदा था, जिन्हें चोर असली समझ बैठा।
इसी चोर ने आसपास की तीन-चार अन्य सोसायटियों में भी चोरी की कोशिश की थी और एक जगह से लगभग 6 लाख रुपये के नकली आभूषण व नगद चुराए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।
Next Story